दशाश्वमेध के रहने वाले शंकर वर्मा ने बताया वह नियमित दर्शन करने आते हैं, लेकिन आज जब पहुंचे तो गेट नंबर चार सुरक्षाकर्मियों द्वारा कोविड जांच की रिपोर्ट मांगी गई। रिपोर्ट नहीं होने के कारण आज बाबा का दर्शन नहीं हो सका। वहीं शशिकला पांडेय का कहना था कि कोविड जांच रिपोर्ट के कारण बाबा के दर्शन से वंचित रहना पड़ गया।
विश्वनाथ गली में पसरा सन्नाटा, दुकानों के शटर डाउन
शिव भक्तों और यात्रियों से गुलजार रहने वाली विश्वनाथ गली में बृहस्पतिवार को सन्नाटा पसरा था। बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण श्रद्धालुओं घटती संख्या से दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं संक्रमण की रफ्तार भी बहुत तेज है, इसको देखते हुए विश्वनाथ गली की अधिकांश दुकानों के शटर डाउन रहे और गली में सन्नाटा पसरा रहा।
संकटमोचन हनुमान जी के दरबार में कोरोना संक्रमण को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। कोविड रिपोर्ट दिखाने के बाद ही श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया गया। हालत यह रही कि नियमित श्रद्धालुओं को दरवाजे से ही निराश होकर लौटना पड़ा। बृहस्पतिवार को संकटमोचन हनुमान जी के प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया।
प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को कोविड रिपोर्ट दिखाने के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए दरवाजा खोला जा रहा था। नियमित दर्शन करने वाले श्रद्धालु जब पहुंचे तो उन्हें दरवाजे की चौखट पर ही शीश नवाकर लौटना पड़ा। मंदिर में देर शाम तक 25 श्रद्धालुओं ने ही दर्शन किए थे। इसमें से अधिकांश बाहरी श्रद्धालु ही थे।