फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण: क्रूज पर पीएम मोदी की अगवानी करेंगे इन 12 राज्यों के मुख्यमंत्री

Mon, 13 Dec 2021 01:33 AM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद 14 दिसंबर को वाराणसी में मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन होगा।
विज्ञापन
काशी विश्वनाथ धाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद काशी के अद्धचंद्राकार घाटों पर सजने वाली शिव दीपावली में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री क्रूज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के उप मुख्यमंत्री भी प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।

विज्ञापन


पीएम मोदी क्रूज पर मुख्यमंत्रियों के साथ जलविहार कर घाटों पर मनाए जाने वाले उत्सव को निहारेंगे। इसी के साथ वे मुख्यमंत्रियों से संवाद भी करेंगे। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद शहर में देव दीपावली सा नजारा होगा। इसमें काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर दीपमाला सजाई जाएगी और देवों का काशी की धरा पर स्वागत किया जाएगा।

संत रविदास घाट से जल विहार शुरू करेंगे पीएम मोदी
इस पूरे नजारे को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर की शाम को संत रविदास घाट से जल विहार शुरू करेंगे। भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री क्रूज पर पहले से मौजूद रहेंगे और प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। आतिशबाजी, लेजर शो और दीपोत्सव को निहारने के साथ ही प्रधानमंत्री सुशासन पर मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर संवाद करेंगे।
विज्ञापन

पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण: पहली बार बनारस में जुटेंगे भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, बाबा के दर्शन के बाद जाएंगे अयोध्या

बनारस रेल कारखाना सभागार कार्यक्रम

अगले दिन 14 दिसंबर को बनारस रेल कारखाना सभागार में अलग-अलग सत्रों में मुख्यमंत्री केंद्र सरकार की योजनाओं के अमल और राज्यों की प्रगति पर प्रस्तुतीकरण देंगे। करीब चार घंटे की इस बैठक के बाद सभी मुख्यमंत्री दोपहर के भोजन के समय पीएम मोदी  के साथ होंगे।

प्रधानमंत्री के उमरहा स्थित स्वर्वेद मंदिर के वार्षिकोत्सव में रवाना होने के बाद सभी मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए जाएंगे और इसके बाद शाहंशाहपुर स्थित बायो गैस प्लांट को देखने जाएंगे। इसके बाद पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल का भ्रमण कर अयोध्या रवाना होंगे। 
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम का काम पूरा: 33 महीने बाद थमा मशीनों का शोर, 13 को पीएम करेंगे लोकार्पण, जानें खास बातें

13 दिसंबर की दोपहर वाराणसी पहुंचेंगे इन राज्यों के मुख्यमंत्री

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, असम के मुख्यमंत्री हिमांता विस्व शर्मा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू 13 दिसंबर की दोपहर तक वाराणसी पहुंच जाएंगे।

इनके अलावा बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी भी इस सम्मेलन में शामिल होंगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य मेजबान के रूप में पूरे कार्यक्रम में रहेंगे।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम की अद्भुत छटा: सतरंगी रोशनी से नहाया बाबा का दरबार, तस्वीरों में देखें भव्य नजारा

अलौकिक, अद्भुत और अकल्पनीय होगा बाबा धाम का लोकार्पण

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर - फोटो : अमर उजाला
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने शुक्रवार को काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण और मास पर्यंत चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा 13 दिसंबर को पीएम नरेन्द्र मोदी के हाथों काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण अलौकिक, अद्भुत और अकल्पनीय होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी स्तर पर कई कार्यक्रमों की कार्ययोजना बनाई है।

ये एक महीने तक पूरे देश में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 27 हजार 700 शक्तिकेन्द्रों में शिवालय तथा प्रमुख मठ मंदिरों में व्यवस्थित रूप से स्क्रीन लगा कर 13 दिसंबर के कार्यक्रमों का प्रसारण होगा। जिसमें पार्टी कार्यकर्ता श्रद्धालुओं, प्रबुद्धजनों, पुजारियों, महंतों तथा साधु-संतों के साथ भाग लेंगे।
पढ़ेंः काशी विश्वनाथ धाम: सामने आया लोकार्पण के लिए मेहमानों को भेजा जा रहा बेहद खास निमंत्रण पत्र, आप भी देखिए

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का होगा सम्मेलन

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्रियों का सम्मेलन 14 दिसंबर को होगा। इसमेें पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग व सह प्रभारी आशीष सूद हैं। सभी मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री तीन दिन दिनांक 13, 14, 15 दिसंबर तक यहीं प्रवास करेंगे। 
पढ़ेंः वाराणसी आ रहे पीएम मोदी: 13-14 दिसंबर को घर से निकलें तो रूट डायवर्जन देख लें, ऐसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
 

देशभर के प्रमुख संतों और प्रबुद्धजनों से संवाद
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को मंदिर चौक में देशभर के प्रमुख संतों और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी के साथ मंच पर श्रीश्री रविशंकर और जग्गी वासुदेव भी मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन

घर बैठे ही देख सकेंगे काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण

काशी विश्वनाथ धाम - फोटो : अमर उजाला
 काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को कुछ ही घंटे बचे हुए हैं। तैयारी अंतिम दौर में है। 13 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर काशीवासियों में उत्साह है। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए घाटों पर देव दीपावली की तरह दीये जलाए जाएंगे।

 लेजर लाइट शो के साथ वाराणसी के सभी मंदिरों और सरकारी व प्राइवेट बिल्डिंग को सजा दिया जाएगा। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन अवसर पर वाराणसी के अलावा देश विदेश के विद्वान और साधु - संतों को काशी में आने का न्योता भेजा गया है।

इस दौरान पीएम मोदी के साथ कुल 4000 लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन के लाइव प्रसारण के लिए चैनलों के अलावा धार्मिक स्थलों, चौराहों पर टीवी स्क्रीन के माध्यम से कराया जाएगा। जिससे जो लोग मौके पर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे भी इस भव्य आयोजन का हिस्सा बन सकें ।    
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें