स्वर्वेद महामंदिर धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लकर आईजी जोन एसके भगत और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमित वर्मा ने बृहस्पतिवार को मातहतों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंच, हेलीपैड, महामंदिर की सुरक्षा व्यवस्था आदि की समीक्षा की।
कार्यक्रम के आयोजक संत प्रवर विज्ञान देव महाराज व व्यवस्था में जुटे लोगों से सुरक्षा व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विहंगम योग के स्वयंसेवकों की नियुक्ति कर उसके मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया जाए। आसपास के कस्बों व गांवों में किराएदारों व संदिग्ध व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उधर, देर शाम एसपीजी के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए हर बिंदुओं की जांच की।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद मास पर्यंत चलने वाले भव्य काशी दिव्य काशी अभियान के तहत आयोजित 23 दिसंबर के कार्यक्रम में तब्दीली की जा रही है। पीएम 23 दिसंबर को वाराणसी में जनसभा को संबोधित कर परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
दरअसल, 16 दिसंबर को गुजरात में जैविक खेती पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में शाहंशाहपुर स्थित बायो गैस प्लांट परिसर में होने वाला कार्यक्रम स्थगित किया जाएगा। कारण, 23 दिसंबर को गौ आधारित खेती पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार को 16 दिसंबर को गुजरात में होने वाले सम्मेलन में समाहित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 दिसंबर को वाराणसी आएंगे और परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेेेंगे। इस दौरान पीएम की जनसभा भी प्रस्तावित की जा रही है। यहां बता दें कि यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक महीने दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा करेंगे। पीएम की जनसभा के लिए स्थान की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद मास पर्यंत चलने वाले भव्य काशी दिव्य काशी अभियान में 17 दिसंबर को बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल (टीएफसी) में महापौर सम्मेलन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर एक बजे देशभर से आए महापौर को वर्चुअल संबोधित करेंगे।
महापौर सम्मेलन से पहले टीएफसी में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय नगर विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी बदलता नगरीय परिवेश विषय पर लगने वाले प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसमें देश व प्रदेश के अन्य जनपदों में नगरीय क्षेत्रों में किए गए विशेष एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों से संबंधित कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।
जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने बृहस्पतिवार को टीएफसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सम्मेलन की संपूर्ण तैयारी समय से पूर्व उच्च स्तरीय किए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान भारत सरकार के नगर विकास विभाग के अपर सचिव सुरेंद्र बांगड़े, प्रदेश नगर विकास के सचिव अनुराग यादव, नगर आयुक्त प्रणय सिंह सहित अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।