श्री काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण में लगने वाले मकराना पत्थरों की उपलब्धता नहीं होने से काम प्रभावित हो रहा है। कार्यदायी संस्था ने शुक्रवार को कमिश्नर के साथ हुई बैठक में इसकी जानकारी दी। वहीं कमिश्नर ने काम में तेजी जाने के लिए मजदूरों की संख्या 25 सौ करने का निर्देश दिया है।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने शुक्रवार को बैठक के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से श्री काशी विश्वनाथ धाम के काम के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मजदूरों की संख्या अगले महीने 25 सौ करने का निर्देश दिया। वर्तमान में नौ सौ मजदूर काम कर रहे हैं। कार्यदायी संस्था ने मंदिर में लगने वाले मकराना पत्थर की उपलब्धता नहीं होने से काम में परेशानी की जानकारी दी। मंदिर में लगने वाले लगभग 40 हजार स्क्वायर फीट पत्थर पर चर्चा के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि मकराना के लगने वाले सफेद पत्थर की शत-प्रतिशत उपलब्धता में परेशानी हो रही है। कमिश्नर ने उनसे पूरी रिपोर्ट मांगी और शासन को भेजने का निर्देश भी दिया। कमिश्नर ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के काम में किसी भी तरह का रोड़ा नहीं आने दिया जाएगा। अगस्त 2021 तक काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए जो भी आवश्यक होगा उसे जरूर किया जाएगा। धाम के निर्माण कार्यों की प्रगति बैठक के दौरान कमिश्नर ने कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
कमिश्नर ने मंदिर परिसर में निर्माण कार्य से संबंधित सामग्रियों के लाने व ले जाने के लिए एक निश्चित पाथवे निर्धारित किए जाने का कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिया। कमिश्नर द्वारा पूछे जाने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि 15 से 16 फीसदी कार्य प्रगति पर है। कमिश्नर ने समय सीमा के अंदर काम को समाप्त करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार कर काम कराने का निर्देश दिया। कहा कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का हर स्तर पर ख्याल रखा जाए। बैठक केबाद कमिश्नर ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा, पीडब्ल्यूडी और पीएसपी के अधिकारी मौजूद रहे।