मंडलायुक्त ने डीएम को दिया सर्वे कराने का निर्देश
- फोटो : amarujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर के कायाकल्प की योजना बनाने में प्रशासन जुट गया है। काशी विश्वनाथ दर्शन योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत मंदिर से गंगा घाट तक पड़ने वाले करीब 83 भवनों को खरीद कर खुला वातावरण मुहैया कराया जाएगा।
श्रद्धालु हित की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। 13 करोड़ रुपये की लागत से जम्मूकोठी में बनने वाले बाबा के अन्नक्षेत्र का उद्घाटन खुद सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे।
मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने गुरुवार को डीएम को एडीएम के नेतृत्व में वीडीए, नगर निगम की टीम बनाकर 15 दिन के भीतर विश्वनाथ मंदिर दर्शन योजना को आगे बढ़ाने के लिए सर्वे का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
अफसरों ने कमिश्नर को बताया कि लगभग 23 मकान ऐसे हैं जिनके स्वामित्व का पता ही नहीं है। इन भवनों पर लोगों का अवैध कब्जा है। ऐसे भवनों को चिह्नित कर कब्जा मुक्त कराने का निर्देश दिया गया।
मंडलायुक्त ने मंदिर क्षेत्र में अधिग्रहित या खरीदे गए भवनों के ध्वस्तीकरण के बाबत हफ्ते भर में रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने टेढ़ीनीम क्षेत्र में जम्मू कोठी के ध्वस्तीकरण के बाद वहां बनने वाले अन्न क्षेत्र के तीन मंजिला भवन को जल्द पूरा कराने को कहा।
मंडलायुक्त ने बताया कि बाबा के अन्नक्षेत्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे। अन्न क्षेत्र में गरीबों और असहायों को काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से 24 घंटे निशुल्क भोजन और रहने की व्यवस्था होगी।