महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 22 पाठ्यक्रमों में अब सीधे दाखिला होगा। छात्र इसके लिए 11 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। कुलसचिव ने बताया कि पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इसमें बी म्यूज, एमए हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, उर्दू, दर्शनशास्त्र, एमए ससटेनेबल रुरल डेवलपमेंट, एमएफए स्क्ल्पचर, कन्नड़ रेगुलर, डिप्लोमा इन कर्मकांड, पीजी डिप्लोमा इन फैशन डिजाइन, साइकोथेरेपी काउंसिलिंग एंड गाइडेंस, एचआरडी, डिप्लोमा इन ड्रामा, पीजी डिप्लोमा इन नेचुरोपैथी एंड योगा, एमलिब समेत 22 पाठ्यक्रम हैं।
काशी विद्यापीठ में छात्रावास आवंटन के लिए काउंसिलिंग एवं कक्ष आवंटन की तिथि घोषित कर दी गई है। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेश पर लाल बहादुर शास्त्री और आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास के लिए आवेदन करने वालों के लिए शुल्क जमा करने की तिथि 17 से 20 जनवरी तक निर्धारित की गई है।
मुख्य गृहपति प्रो. राजेश कुमार मिश्र का कहना है कि रसीद की छाया प्रति संबंधित छात्रावास के कार्यालय में देने के उपरांत कक्ष आवंटन किया जाएगा। डिप्लोमा तथा शोधार्थियों के लिए छात्रावास शुल्क जमा करने की तिथि 20 जनवरी तक और कक्ष आवंटन 17 से 20 जनवरी तक होगा।
पुराने छात्र जो स्नातक कक्षाओं में अध्ययनरत हैं उनकी काउंसिलिंग 18 से शुरू होकर 21 जनवरी तक चलेगी। छात्रावास आवंटन के लिए छात्रों को छह हजार रुपये जमा करने होंगे। एक फरवरी से 31 मई तक प्रति छात्र 8800 रुपये देने होंगे। उक्त तिथि एवं समय के अनुसार संबंधित छात्र आवंटन के समय अपने अभिभावक के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
काशी विद्यापीठ में कोरोना संक्रमण को देखते हुए शोध प्रबंध जमा करने की तिथि को बढ़ा दिया गया है। यूजीसी के पत्र के बाद कुलपति ने शोध प्रबंध जमा करने की अवधि छह महीने तक बढ़ा दी है। छात्र अब 30 जून तक शोध प्रबंध जमा कर सकेंगे।