सार
काशी विद्यापीठ से संबद्ध 40 से अधिक कॉलेजों ने प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में 50 पेपरों के छात्रों के नंबर अब तक अपलोड नहीं किए हैं। इनमें वाराणसी के 30 और चंदौली के 10 कॉलेज शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक नंबर अपलोड नहीं करने पर संबंधित छात्रों को शून्य अंक दिए जाएंगे।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध 40 से अधिक कॉलेजों के 50 पेपर के परिणामों पर संकट खड़ा हो गया है। इन कॉलेजों ने विद्यार्थियों के आंतरिक परीक्षा के नंबर विश्वविद्यालय को नहीं भेजे हैं। इसमें 10 कॉलेज चंदौली जिले के हैं। अब विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों के प्राचार्य को नोटिस जारी कर प्रथम सेमेस्टर परीक्षा के आंतरिक के अंक अपलोड करने को कहा गया है। यह भी चेतावनी जारी की गई है कि नंबर न मिलने की दशा में संबंधित कॉलेज के विद्यार्थियों को जीरो अंक देकर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
विश्वविद्यालय में इस समय वाराणसी और चंदौली जिले के 150 से ज्यादा कॉलेज संबद्ध है। वर्तमान समय में प्रथम सेमेस्टर लिखित परीक्षाएं अंतिम चरण में चल रही हैं। जैसे-जैसे परीक्षा खत्म होती जा रही है परिणाम निकाले जाने की तैयारी चल रही है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से पिछले सप्ताह ही प्राचार्य/ प्रबंधकों को जो नोटिस जारी की गई। इसमें कहा गया था कि कॉलेजों ने प्रथम सेमेस्टर में आंतरिक के अंक अपलोड नहीं किए गए हैं। ऐसे कॉलेजों को 15 अगस्त तक का समय दिया गया था। इसके बाद भी समर्थ पोर्टल पर कॉलेजों ने छात्रों के आंतरिक परीक्षा का नंबर अपलोड नहीं किए।