वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने संबद्ध महाविद्यालयों को भी ऑनलाइन जोड़ने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत पांचों जिलों के महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से कुलपति सीधे संवाद करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कार्यशाला और कैंपस इंटरव्यू की जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने बताया कि पांचों जनपद वाराणसी, सोनभद्र, भदोही, चंदौली, मिर्जापुर के महाविद्यालयों के अध्यापकों और छात्र-छात्राओं से आनलाइन संवाद किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की इस पहल की शुरुआत मिर्जापुर के राजगढ़ स्थित कृषक महाविद्यालय से हुई। विद्यार्थियों ने परीक्षा, प्रवेश एवं कैरियर से जुड़े प्रश्न किए। इसमें सौ विद्यार्थी मौजूद रहे। दूसरे दिन चंदौली के बसंत राम नगीना पीजी कॉलेज के सौ विद्यार्थी जुड़े। विश्वविद्यालय की तरफ से डॉ. बंशीधर पांडेय, डॉ. रमन पंत और डॉ. राहुल गुप्ता ने विद्यार्थियों की शंका का समाधान किया। विशेषज्ञों ने छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से होने वाले कैंपस इंटरव्यू के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वह विश्वविद्यालय की ओर से होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाओं में हिस्सा लें।