वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दुर्गेश उपाध्याय को दी राधा साईंराम मेमोरियल अवार्ड फार क्रिएटिव म्यूजिक थेरेपिस्ट से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार इंडियन म्यूजिक थेरेपी एसोसिएशन की ओर से दिया गया।
काशी विद्यापीठ, नादा सेंटर फार म्यूजिक थेरेपी और इंडियन म्यूजिक थेरेपी एसोसिएशन की ओर से तीन दिवसीय ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान यह पुरस्कार दिया गया। तीन दिवसीय संगोष्ठी में 45 वक्ताओं ने भारतीय संगीत के वैज्ञानिक, शास्त्रीय एवं व्यवहारिक पक्षों पर अपने शोध परिणाम साझा किए। संगोष्ठी के समापन सत्र में इंडियन म्यूजिक थेरेपी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सतीश कुमार ने 2020 के लिए दो प्रतिष्ठित अवार्ड की घोषणा की। डॉ. उपाध्याय को पुरस्कार स्वरूप मोमेंटो और दस हजार की धनराशि दी गई। चेन्नई की चैत्र साईराम को दी इम्टा सिग्नेचर ट्यून अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजित म्यूजिक थेरेपी फेस्टिवल में 15 प्रतिभागियों ने संगीत की प्रस्तुति दी। डॉ. सुधा गणेश, मृदुला अरविंद एवं मानसा ग्रामपुरोहि को विजेता घोषित किया गया।