वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कृषि संकाय परिसर का उदघाटन मंगलवार को भैरवतालाब में हुआ। यहां फिलहाल 120 छात्र-छात्राओं का दाखिला हुआ है और उनकी पढ़ाई शुरू भी हो गई है। यह विश्वविद्यालय का चौथा परिसर होगा। इसके पहले मुख्य परिसर, एनटीपीसी और गंगापुर परिसर में पढ़ाई चल रही थी।
विश्वविद्यालय में अब कृषि की पढ़ाई भी हो सकेगी। इसके लिए यहां फैकेलिटी के चयन के साथ ही छात्र-छात्राओं का प्रवेश प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। मंगलवार को उदघाटन समारोह में कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने कहा कि बिना अनुशासन के जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करना संभव नहीं है। साथ ही विद्यापीठ की स्थापना के 100वें साल और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के 150 वीं जयंती के वर्ष में कृषि जैसे महत्वपूर्ण विषय की पढ़ाई शुरू होना विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान यूपी कॉलेज कृषि संकाय से डॉ. मनीष कुमार सिंह और राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी के कृषि विभाग के डॉ. संतोष कुमार सिंह ने भैरव तालाब स्थित संकाय परिसर के विकास आदि के लिए हर सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य, प्रो. बंशीधर पांडेय,मुख्य कुलानुशासक प्रो. चतुर्भुज नाथ तिवारी, संपत्ति अधिकारी एसएनसिंह, अभियंता आरके दीक्षित, परीक्षा नियंत्रक कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।