सनातन धर्म के अनगिनत रहस्यों को समेटे हुए पंच भूतों की पेंटिंग की शोहरत अब सात समंदर पार जा पहुंची है। उपनिषद और पुराणों में वर्णित पंचतत्वों को कला के माध्यम से कैनवास पर उकेर कर अब उसे विश्व पटल तक पहुंचा दिया है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छात्रा नेहा सिंह ने अद्भुत पेंटिंग बना कर सबको आकर्षित किया है।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान भी नेहा की पेंटिंग की लोगों ने जमकर तारीफ की। अमेरिका से आए प्रवासी चंद्रचूड़न, राजेश नायर एवं गणेश माधवन ने पंचभूत पेंटिंग की सराहना करते हुए नेहा को सम्मानित भी किया। प्रवासी भारतीय नेहा की पेंटिंग को अपने साथ भी लेकर गए हैं।
नेहा की पेंटिंग को पीएम के संसदीय कार्यालय में लगाया गया है। साथ ही पेंटिंग को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संस्कृति मंत्रालय, यूपी के सीएम, डॉ. कर्ण सिंह, बीएचयू के चांसलर गिरिधर मालवीय को भी भेजा गया था।
नेहा ने बताया कि विलुप्त हो रही हमारी संस्कृति एवं वेद-उपनिषदों में वर्णित सनातन धर्म के अनगिनत रहस्यों को कला के माध्यम से लाने का प्रयास किया है। मैंने पंच तत्व शृंखला को अमूर्त रूप से प्रस्तुत किया है।
पेंटिंग का उद्देश्य था कि पंच तत्व पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं आकाश का हमारे शरीर से संबंधों को कला के माध्यम से प्रस्तुत करना। बता दें कि नेहा इसके पहले दो बार विश्व रिकॉर्ड बना चुकीं है। उनकी इस अनोखी पेंटिंग में दर्शन के सारे भाव समाहित हैं।