महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रवेश परीक्षाएं अगस्त में पड़ने वाले अवकाश तथा रविवार को होंगी। परीक्षा तीन पालियों में होगी। ओएमआर शीट पर होनी वाली परीक्षा दो घंटे की जगह अब एक घंटे की होगी। वहीं, जिस दिन कोई प्रतियोगी परीक्षा होगी उस दिन प्रवेश परीक्षा नहीं कराई जाएगी। एलएलबी प्रवेश परीक्षा पर विश्वविद्यालय प्रशासन का खास ध्यान है, क्योंकि पिछले सत्र की प्रवेश परीक्षा के दौरान पेपर आउट करने का मामला पकड़ा गया था।
जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा कुल चार सौ अंकों की होगी। कुल 50 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न आठ अंक का होगा। प्रश्नपत्र अंग्रेजी व हिंदी भाषा में तैयार किया जाएगा। स्नातक पाठ्यक्रमों में सामान्य ज्ञान एवं इंटरमीडिएट स्तर के प्रश्न पूछे जाएंगे तथा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में 70 फीसदी प्रश्न संबंधित विषय से 30 फीसदी सामान्य ज्ञान से होंगे। लॉ पाठ्यक्रम की समस्त प्रवेश परीक्षाएं विश्वविद्यालय परिसर में होंगी। बता दें कि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक हुई थी। इस दौरान समन्वय स्थापित करने के लिए प्रो. केएस जायसवाल व प्रो. योगेंद्र सिंह को समिति का सदस्य बनाया गया।
गठित होगी हेल्प डेस्क
प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क का गठन किया जाएगा। संकायाध्यक्षों के निर्देशन में प्रवेश प्रक्रिया के लिए गठित होने वाला हेल्प डेस्क प्रवेश संबंधी शंकाओं का समाधान करेगा। इसके साथ ग्रीवांस सेल भी हेल्प डेस्क के रूप में काम करेगा।
मेरिट सूची के साथ ही प्रकाशित होगी प्रतीक्षा सूची
कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने बताया कि प्रवेश परिणाम के बाद मेरिट सूची के साथ ही प्रतीक्षा सूची भी प्रकाशित की जाएगी। प्रवेश में प्रमाण पत्रों की जांच विभागवार होगी। प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही फीस जमा कराई जाएगी। इसके बाद परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड बनाए जाएंगे। प्रवेश के लिए काशी विद्यापीठ का ऑनलाइन अंकपत्र भी मान्य होगा। वहीं, दूसरी संस्थाओं का ऑनलाइन अंकपत्र संबंधित प्राचार्य/ परीक्षा नियंत्रक द्वारा प्रमाणित होना चाहिए।