महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए गुरुवार से दस केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन बीएससी गणित, बीएफए, बीम्यूज के साथ ही एमए मास कम्यूनिकेशन में 4542 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसमें सर्वाधिक 4088 अभ्यर्थी बीएससी की प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए।
विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा चलने की वजह से इस बार परिसर के बाहर दो महाविद्यालयों समेत दस केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा करायी जा रही है। सुबह की पाली में तीन पाठयक्रमाें की प्रवेश परीक्षा होने की वजह से परीक्षा छूटने के बाद कई केंद्रों के बाहर जाम जैसी स्थिति हो गई। पहले दिन बीएससी गणित की 175 सीट के लिए पंजीकृत 3225 में 2636, जीव विज्ञान में 60 सीट के लिए 1686 में 1452 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसके साथ ही बीएफए में पंजीकृत 479 सीट के सापेक्ष 409, बीम्यूज में 60 सीट के लिए 45अभ्यर्थी शामिल हुए। सात जून तक चलने वाली प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को बीकॉम, बीलिब आईएससी और पीजीडीसीए की प्रवेश परीक्षा करायी जाएगी।