पत्रकार वार्ता में स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
काशी के कोतवाल काल भैरव की स्वर्ण रजत पंचबदन प्रतिमा की शोभायात्रा एक जुलाई को निकलेगी। 69वीं शोभायात्रा में शंकर पार्वती, राधा कृष्ण, दुर्गा जी, काली जी, हनुमान जी की आकर्षक झांकी रहेगी। गोविंदेश्वर महादेव की आकर्षक झांकी तथा डमरू दल भी शोभायात्रा के केंद्र बिंदु होंगे।
शोभायात्रा के अंत में शहनाई के साथ नई साज-सज्जा के साथ फूलों से सुसज्जित बाबा का स्वर्णिम रथ होगा। रास्ते पर भक्तों को प्रसाद का वितरण भी होगा। यह जानकारी स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के अध्यक्ष किशोर कुमार सेठ ने बुधवार को पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। बताया कि शोभायात्रा में सबसे आगे पुलिस घुड़सवार चलेंगे। भक्तगण ध्वजा पताका लिए अग्रिम पंक्ति में चलेंगे।
शोभायात्रा में बाबा के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा बाबा के भक्तों द्वारा लगभग 40 स्थानों पर पूजा अर्चना भी होगा। स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के महामंत्री श्याम कुमार सर्राफ ने बताया कि शोभायात्रा काठ की हवेली, चौखंभा से प्रारंभ होकर बीबीहटिया, जतनवर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सौराकुआं, गोलघर, भुतही इमली होते हुए कालभैरव मंदिर पर जाकर संपन्न होगी।