काशी चैलेंज कप ओपन नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता
- फोटो : अमर उजाला
काशी चैलेंज कप ओपन नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता के पहले दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने 7 स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा बनाया। वहीं, गुजरात ने पांच रजत, चंडीगढ़ ने एक स्वर्ण, मध्य प्रदेश ने एक स्वर्ण, तीन रजत और छत्तीसगढ़ ने दो कांस्य पदक जीता।
जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से मिर्जामुराद स्थित काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर में प्रतियोगिता का उद्घाटन बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने किया। प्रतियोगिता में अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका में है। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, हॉकी खिलाड़ी अजय विक्रम सिंह, संयुक्त सचिव रजत मिश्र, आशीष राय उपस्थित थे।
पहले दिन पांच राज्यों के बीच 62 बाउट
आयोजन सचिव सौरभ सिंह ने बताया कि 19 दिसंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पहले दिन पांच राज्यों के बीच 62 बाउट हुए। यूपी की टीम ने सात स्वर्ण, नौ रजत और आठ कांस्य पदक जीता। बनारस की अनन्या सिंह ने स्वर्ण, शिवाक्षी पांडेय ने रजत पदक और सोनम प्रजापति ने कांस्य पदक प्राप्त किया।