कोरोना काल में डेढ़ साल बाद रविवार को काशी पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो गई। जहां पिछले 12 दिन से कोई कोरोना का नया मरीज नहीं मिला, वहीं पहले से होम आईसोलेशन में रहने वाले एक मरीज को रविवार को स्वस्थ घोषित किया गया।
जिले में कोरोना का पहला मरीज 21 मार्च 2020 को चितौरा में मिला था। इसके बाद शुरुआती दिनों में तो मरीजों की संख्या कम रही, लेकिन धीरे-धीरे संख्या बढ़ती गई। 2020 में 21 मार्च से 30 मई तक केवल 182 मरीज मिले, जबकि जून में 314 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके साथ ही मरीजों के मरने का आंकड़ा भी बढ़ता गया। अगर पूरे डेढ़ साल की बात करें तो जिले में एक दिन में 2700 से 2800 नए मरीज मिले थे, जबकि छह से आठ मरीजों की मौत भी एक दिन में हुई। धीरे-धीरे संक्रमण का असर कम होता गया। इधर, 12 दिन से तो एक भी मरीज नहीं मिल रहे थे, होम आइसोलेशन में एक मरीज था। रविवार को उस मरीज के स्वस्थ होते ही काशी कोरोना मुक्त हो गई। अब तक जिले में 82,396 मरीजों में से 81623 के डिस्चार्ज, 773 की मौत के बाद अब कोई भी संक्रमित मरीज नहीं है। रविवार को जिले में 2962 सैंपल जांच के लिए गए। अब भी 1648 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
करीब डेढ़ साल बाद ऐसा दिन आया जब जिला पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो गया है। ऐसे में लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करना चाहिए। सजगता, सतर्कता ही कोरोना से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है।-डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ
मेगा अभियान में 193 केंद्रों पर आज लगेगा टीका
जिले में सोमवार को मेगा टीकाकरण अभियान चलाकर 193 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। शहरी और ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण के लिए रविवार रात आठ बजे से ही कोविन पोर्टल पर लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार स्लॉट बुकिंग करनी शुरू कर दी। आधे घंटे में ही स्लॉट भर गए। सीएमओ ने बताया कि तीन केंद्रों पर केवल दूसरी डोज जबकि महिला और अंतरराष्ट्रीय स्पेशल बूथ पर भी टीकाकरण होगा।