वाराणसी। श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला ने कहा कि सौ रुपये में कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यात्रा कामगारों को कराने की योजना है। केेंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार कामगारों को भी पर्यटन और धार्मिक यात्रा कराएगी। वे रविवार को कैंटोमेंट स्थित एक होटल में आयोजित परशुराम शक्ति वाहिनी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि आए थे।
परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ सौ रुपये का पंजीकरण कराकर एक परिवार में अधिकतम पांच लोग यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। पूर्वी क्षेत्र के कामगारों को पश्चिम और पश्चिमी क्षेत्र वालों को पूरब में घुमाया जाएगा। एक सप्ताह के यात्रा का खर्चा सरकार उठाएगी। उनको मथुरा, वृंदावन, गोरक्षधाम, हरिद्वार, आगरा, अयोध्या, चित्रकूट आदि स्थानों पर ले जाया जाएगा।
आठ कल्याणकारी योजनाओं को महापुरुषों के नाम पर चलाने के साथ अपडेट किया गया है। अंत्येष्टि योजना में 5 की जगह अब 10 हजार, कन्या विवाह योजना एवं मृतक आश्रित योजना में 15 की जगह 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के ईपीएफ खाते में हिस्सेदारी जमा न करना गंभीर विषय है। कामगारों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने को जिलेवार मुख्यालयों पर बैठक कर समीक्षा की जाएगी।