तिलिस्मी लेखक थे देवकीनंदन खत्री
आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने लिखा था कि जितने हिंदी पाठक बाबू देवकीनंदन खत्री ने उत्पन्न किए उतने किसी और ग्रंथकार ने नहीं किए। चंद्रकांता उपन्यास इतना लोकप्रिय था कि जो हिंदी लिखना-पढ़ना नहीं जानते थे, उन्होंने केवल इस उपन्यास को पढ़ने के लिए हिंदी सीखी। पहली बार तिलिस्मी दुनिया से रूबरू कराने वाले लेखक देवकीनंद खत्री की पुण्यतिथि एक अगस्त को मनाई जाएगी।
साहित्यकार सुरेंद्र वाजपेयी का कहना है कि देवकीनंदन खत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने दूसरा उपन्यास चंद्रकांता संतति लिखा तो वह काफी रोचक था। चंद्रकांता संतति ने इतनी लोकप्रियता बटोरी कि इस पर धारावाहिक भी बना जो काफी लोकप्रिय हुआ।
सभी ने अय्यारी, तिलिस्म, फनकारी के साथ ही नौगढ़ व विजयगढ़ के रहस्यों को बेहद करीब से जाना। इन उपन्यासों को पढ़ते वक्त लोग खाना-पीना भी भूल जाते थे। इनकी भाषा इतनी सरल है कि इन्हें पांचवीं कक्षा के छात्र भी पढ़ लेते थे। पहले दो उपन्यासों के दो हजार पृष्ठ से अधिक होने पर भी एक भी क्षण ऐसा नहीं आता जहां पाठक ऊब जाए।
हिंदी के प्रथम तिलिस्मी लेखक देवकीनंदन खत्री का जन्म बिहार के समस्तीपुर में 18 जून 1861 को हुआ था। उनके पिता ईश्वरदास काशी के लाहौरी टोला में आकर बस गए। धाम के निर्माण के बाद अब लाहौरी टोला का अस्तित्व समाप्त हो चुका है।
राम कटोरा वाले मकान में उनकी तीसरी और चौथी पीढ़ी के लोग रहते हैं। देवकीनंदन खत्री ने चंद्रकांता के अलावा काजल की कोठरी, नरेंद्र-मोहिनी, कुसुम कुमारी, वीरेंद्र वीर, गुप्त गोदना, कटोरा भर, भूतनाथ जैसी रचनाएं कीं। भूतनाथ को उनके पुत्र दुर्गा प्रसाद खत्री ने पूरा किया।
देवकीनंद खत्री ने नौगढ़ के जंगलों के ठेके लिए। कई-कई दिनों तक वह चकिया एवं नौगढ़ के बीहड़ जंगलों, पहाड़ियों और प्राचीन ऐतिहासिक इमारतों के खंडहरों की खाक छानते रहते थे।
इन्हीं जंगलों, पहाड़ियों और प्राचीन ऐतिहासिक इमारतों के खंडहरों की पृष्ठभूमि में अपने तिलिस्म और अय्यारी के कारनामों की कल्पनाओं को मिश्रित कर उन्होंने चन्द्रकांता उपन्यास की रचना की। उन्होंने वाराणसी में लहरी प्रेस नाम से एक प्रिंटिंस प्रेस की स्थापना की और 1900 में हिंदी मासिक सुदर्शन का प्रकाशन शुरू किया। देवकीनंद खत्री का निधन एक अगस्त 1913 को वाराणसी में ही हुआ था।