संत कबीर के 619 वें प्राकट्य महोत्सव पर तीन बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की गई। पहला, शिवपुर स्थित पांच एकड़ जमीन पर संत कबीर मल्टीस्पेशियालिटी हॉस्पिटल की स्थापना की जाएगी।
दूसरा, लहरतारा स्थित कबीर उद्भव स्थल पर अनोखे कबीर स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। तीसरा, कबीरचौरा मठ के नीरू टीला में कबीर की हाईटेक झोपड़ी तैयार कराई जाएगी।
गुरुवार को कबीरचौरा मठ मूलगादी ट्रस्ट में मीडिया के सामने पीठाधीश्वर आचार्य महंत विवेकदास ने इन परियोजनाओं की घोषणा की। बताया कि शिवपुर में दो सौ बेड का हॉस्पिटल तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इसे अगले तीन वर्षों में पूरा कराया जाएगा।
यहां उच्चस्तरीय चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया होंगी, जो गरीब मरीजों को भी समान रूप से सुलभ होंगी। लहरतारा में 16.45 करोड़ की लागत से संत कबीर प्राकट्य स्थल की मरम्मत और जीर्णोद्धार कराया जाएगा। यहां कबीर दर्शन की अनूठी अनुभूति होगी।
बताया कि 17 एकड़ में फैले लहरतारा सरोवर के अधिकतर भाग पर कब्जा है, जिसे हटाने की कार्रवाई प्रशासन की ओर से की जा रही है। नीरू टीला में हाईटेक झोपड़ी का निर्माण संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय कराएगा। डीपीआर के लिए पांच लाख रुपये मिल चुके हैं। पहले चरण में 4.60 करोड़ रुपये धनराशि रिलीज की जानी है। धनराशि प्राप्त होते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
इस बार उद्भव स्थल लहरतारा में मनाया जा रहा महोत्सव
महंत विवेकदास ने बताया कि तीन दिवसीय कबीर प्राकट्य महोत्सव इस बार लहरतारा स्थित उद्भव स्थल पर मनाया जा रहा है। हर वर्ष यह महोत्सव मूलगादी मठ कबीरचौरा में होता था। शुक्रवार को महोत्सव के आखिरी दिन देश विदेश से आए कबीरपंथियों का मेला लगेगा। इस मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन होगा।