फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विवादों के बीच ज्योतिष पीठ पर आज होगा स्वामी स्वरूपानंद का अभिषेक

Wed, 29 Nov 2017 02:08 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
भारत धर्म महामंडल के डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी की अगुवाई वाला धड़ा करेगा शंकराचार्य पद पर अभिषेक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी शंभूनाथ चतुर्वेदी की अगुवाई वाला भारत धर्म महामंडल का धड़ा बुधवार को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के परमहंसी आश्रम पहुंचकर ज्योतिष पीठ  के शंकराचार्य के पद पर द्वारिका-शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का अभिषेक करेगा। धर्म महामंडल के कार्यालय में मंगलवार की दोपहर इसकी घोषणा उपाध्यक्ष सत्यनारायण पांडेय ने की। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि बहुमत से स्वामी स्वरूपानंद को ज्योतिष पीठ  का शंकराचार्य बनाने का निर्णय महामंडल की मंत्री सभा ले चुकी है। इसलिए जनरल सेक्रेटरी की ओर से सात दिसंबर को इस मसले पर विचार के लिए बुलाई जाने वाली बैठक औचित्यहीन होगी। उधर, जनरल सेक्रेटरी ने कहा कि इस अभिषेक का कोई मतलब नहीं है। महामंडल की ओर से विधि सम्मत चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। 

महामंडल के उपाध्यक्ष सत्यनारायण पांडेय और शंभूनाथ चतुर्वेदी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 1941 में लिए गए निर्णय के अनुसार ज्योतिष पीठ  पर स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती का अभिषेक गीता जयंती के अवसर पर परमहंसी आश्रम में किया जाएगा। इसमें महामंडल के प्रतिनिधिमंडल के अलावा काशी के विद्वान, संन्यासी, वैदिक आचार्य, विद्यार्थी और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि महाराज हिस्सा लेंगे।
विज्ञापन


मठाम्नाय अनुशासन ग्रंथ में दिए गए विधान के अनुसार एक पीठ पर एक ही शंकराचार्य की नियुक्ति वैध होने के सवाल पर उनका कहना था कि ऐसा कुछ नहीं है। जरूरत पड़ने पर चारों पीठों पर भी एक शंकराचार्य की नियुक्ति की जा सकती है।  भारत धर्म महामंडल की नियमावली में कहा गया है कि ज्योतिष्पीठ पर ब्रह्मानंद की परंपरा के शिष्य का ही शंकराचार्य के रूप में अभिषेक किया जा सकता है।

ऐसे में स्वामी स्वरूपानंद के अलावा कोई भी ब्रह्मानंद की परंपरा का शिष्य मौजूदा समय देश में नहीं है। उन्होंने बताया कि तीनों शंकराचार्यों और काशी के विद्वानों का मार्गदर्शन प्राप्त होने के बाद यह निर्णय लिया गया है। उपाध्यक्ष सत्यनारायण ने बताया कि महामंडल के कुछ पदाधिकारी जानबूझ कर विवाद खड़ा करना चाहते हैं, जबकि स्वरूपानंद के अभिषेक को लेकर कोई विवाद नहीं है। 

जनरल सेक्रेटरी और चीफ सेक्रेटरी पर गलतबयानी का आरोप
भारत धर्म महामंडल के उपाध्यक्ष सत्यनारायण पांडेय ने मंगलवार को जनरल सेक्रेटरी प्रो. शंभू उपाध्याय और चीफ सेक्रेटरी प्यारे सिंह पर शंकराचार्य चयन प्रक्रिया में गलतबयानी का आरोप लगाया। कहा कि चित्रकूट के संत स्वामी रामभद्राचार्य ने स्वामी स्वरूपानंद का समर्थन किया है, जबकि जनरल सेक्रेटरी ने बयान दिया है कि वह वासुदेवानंद के नाम का सुझाव दे रहे हैं।

इसी तरह जनरल सेक्रेटरी ने शृंगेरी पीठ के शंकराचार्य से कभी बात ही नहीं की है। इस आशय का पत्र उनके निजी सचिव ने भेज दिया है, जबकि वह उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का झूठा दावा करते फिर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दयानिधि मिश्र न तो महामंडल के अध्यक्ष हैं और न तो प्यारे सिंह चीफ सेक्रेटरी। कौंसिल ने इनको इन पदों पर नहीं चुना है लेकिन यह लोग मनमाने तरीके से इन पदों का दुरुपयोग कर रहे हैं। 
विज्ञापन

स्वरूपानंद के अभिषेक से काशी विद्वत परिषद असहमत

परमहंसी आश्रम में अभिषेक समारोह से परिषद ने अलग रहने की घोषणा की - फोटो : अमर उजाला
काशी विद्वत परिषद ने मंगलवार की शाम स्वामी स्वरूपानंद को ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य चुने जाने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। परिषद के महामंत्री प्रो. शिवजी उपाध्याय ने कहा कि एक धड़े की ओर से स्वरूपानंद को शंकराचार्य बनाने का प्रस्ताव पारित करने पर प्रसन्नता तो है लेकिन सहमति नहीं हो सकती। इस मसले पर महामंडल के दोनों धड़ों को एकजुट होकर आम राय बनानी चाहिए। 

शंकुलधारा पोखरे के पास परिषद के अध्यक्ष के आवास पर हुई बैठक में स्वरूपानंद शंकराचार्य बनाने के प्रस्ताव पर असहमति जताई गई। प्रो. शिवजी ने कहा कि बुधवार को परमहंसी आश्रम में स्वरूपानंद का ज्योतिष्पीठ पर अभिषेक कराने संबंधी समारोह से विद्वत परिषद अलग रहेगी। दो पीठों पर एक शंकराचार्य की नियुक्ति विधिसम्मत है या नहीं? इस पर परिषद के विद्वानों ने एक स्वर से कहा कि ऐसा करना अनुचित होगा।

मठाम्नाय अनुशासन के आधार पर एक पीठ पर एक ही शंकराचार्य का अभिषेक होना चाहिए। कहा गया कि कुछ संत अपने नाम के आगे शंकराचार्य लिखकर चल रहे हैं। ऐसे स्वयंभू शंकराचार्यों की सूची सरकार को भेजी जाएगी ताकि उन पर कार्रवाई हो सके। इसके बाद परिषद की कार्यकारिणी के कुछ नए पदाधिकारियों के नाम की भी घोषणा की गई।

एक पीठ पर एक ही शंकराचार्य का हो अभिषेक: निश्चलानंद
वाराणसी। पुरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने मंगलवार को कहा कि ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य पद पर वेद-वेदांग में परंगत, एकदंडी ब्राह्मण एक ही पीठ पर प्रतिष्ठित किया जा सकता है। एक से अधिक पीठों पर किसी एक आचार्य का अभिषेक नहीं किया जा सकता। ऐसा अभिषेक कराने वाले स्वयं शंकराचार्य पद पर प्रतिष्ठित नहीं रह सकते। धनबल और आतंक का आलंबन लेकर धर्म विज्ञान विहीन व्यक्ति शासन तंत्र और विधि तंत्र की मदद लेकर शंकराचार्य पद पर प्रतिष्ठित नहीं किया जा सकता। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें