‘साहब, यह पार्क जुआड़ियों, नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। सुबह से लेकर रात तक वे यहां जुटे रहते हैं। आम लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। पार्क को जुआरियों, नशेड़ियों से मुक्त कराएं।’ सोमवार को बेनियाबाग स्थित राजनारायण पार्क में आयोजित जनचौपाल में जिलाधिकारी विजय किरन आनंद से स्थानीय लोगों ने यह गुहार लगाई। डीएम ने चौक और दशाश्वमेध पुलिस को निर्देश दिया कि पार्क में किसी भी हाल में अराजक तत्वों का जमावड़ा न हो। अगर ऐसा हुआ तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सुबह आठ बजे शुरू हुई जनचौपाल में स्थानीय लोगों ने राजनारायण पार्क की बदहाली का मसला भी उठाया। बताया कि पार्क में चारों तरफ गंदगी फैली है। शरारती तत्व यहां शौच कर जाते हैं। पार्क में पर्याप्त लाइटिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। डीएम ने इसके लिए नगर निगम के उद्यान विभाग को निर्देशित किया, साथ ही लापरवाही पर संबंधित उद्यान निरीक्षक की वेतन वृद्धि सहित एक महीने का वेतन भुगतान रोक दिया।
कुछ लोगों की शिकायतें नगर निगम और पेयजल से संबंधित विभागों को लेकर थी। कुछ लोगों का कहना था कि गलियों के मकानों से कूड़ा उठान नहीं होता। कई इलाकों में पानी भी साफ नहीं आता। बरसात में जल निकासी की समस्या की भी कई शिकायतें आईं। इस पर डीएम ने कहा कि जल निकासी की निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। कुछ लोगों का कहना था कि पिछले एक पखवारे से बिजली की धुआंधार कटौती हो रही है। इस पर डीएम ने सुधार के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।