श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भक्तों को हर और हरि के एक साथ दर्शन का अलौकिक अवसर मिला। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के साथ लड्डू गोपाल को विराजमान कराया गया। भोर की मंगला आरती और दोपहर की भोग आरती में बाबा संग लड्डू गोपाल की अप्रतिम झांकी ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान मंदिर में पूजन-दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही।
शुक्रवार की रात श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। लड्डू गोपाल के बाल स्वरूप का विधि-विधान से पूजन किया गया। शृंगार के बाद उन्हें सुंदर पालने पर विराजमान कर झुलाया गया। भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।