सोनभद्र। बस पहाड़ी से टकराते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस बीच परिचालक ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस व एंबुलेंस पहुंच गई।
राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी के साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल में भी डॉक्टरों की टीम अलर्ट हो गई और घायलों के पहुंचते ही उपचार शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल में एडीएम योगेंद्र बहादुर, एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान समेत अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। अधिकारियों ने घायलों के बारे में जानकारी ली और चिकित्सकों से बात कर समुचित इलाज का निर्देश दिया। चालक राजदेव (50) निवासी गाजीपुर ने बताया कि मोड़ पर ब्रेक फेल होने पर बस को आगे जा रहे छोटे वाहनों से बचाते हुए पहाड़ी से टकराना पड़ा। वाराणसी निवासी परिचालक रविशंकर (45) ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस और अधिकारियों को दे दी गई।
हादसे में ये लोग हुए घायल
हादसे में घायल यात्रियों में आफताफ अहमद खां (50), आशू मौर्य (25), जयंत श्रीवास्तव (27), रक्षित वार्ष्णेय (27), राहुल गुप्ता (28), रितेश राजा (34), आशा सिंह (68), जितेंद्र सिंह (29), मोहन सिंह (26), बस का परिचालक रविशंकर पाठक (45), चालक राजदेव (50), भवानी (28), रामेश्वर माली (70), प्रणय, (21), सुरेंद्र (23), सुशोमत (21), पंकज (24), राजेश कुमार (24), साक्षी (28), राहुल (35), रूबी (24), राजेश (32), रामसेव (60), कैलाशनाथ (52), सुनील साव (55) आदि शामिल हैं। इसके अलावा कुछ यात्रियों को हल्की चोट आई। वह अस्पताल से चले गए। साक्षी, जयंत, सुषमा, सुनील, रामेश्वर, रूबी को चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
चिकित्सा अधीक्षक की देखरेख में चल रहा इलाज
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के इलाज में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीबी गौतम के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम जुटी रही। चिकित्सकों की टीम में डॉ. के कुमार, डॉ. केके पांडेय, डॉ. केके सिंह, डॉ. प्रमोद प्रजापति आदि शामिल रहे।
राजनीतिक दलों के लोग अस्पताल पहुंचे
मारकुंडी घाटी में रोडवेज की बस पलटने की सूचना पर जिला अस्पताल में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, पूर्व सांसद नरेंद्र कुशवाहा, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र रत्ना, बसपा नेता अविनाश शुक्ला, कांग्रेस नेता अमित चौबे, शनि शुक्ला सहित कई अन्य लोग घायलों का हाल जानने पहुंच गए।