हरहुआ। कोईराजपुर-कोरौत मार्ग की मरम्मत के लिए मंगलवार को ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। इसके बाद एनएचएआई के अधिकारियों ने रिंग रोड से वाहनों को जाने की अनुमति दे दी। इस पर ग्रामीण रिंग रोड चौराहे पर जाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सीओ बड़ागांव के समझाने और एनएचएआई के तकनीकी मैनेजर ललित सिंह के सड़क बनवाने के आश्वासन देने के बाद लोग शांत हुए।
कोईराजपुर से राजातालाब तक निर्माणाधीन रिंग रोड पर राजातालाब की तरफ से भारी वाहन जाते हैं। वहीं रिंग रोड चौराहे पर कोईराजपुर में वाहनों पर रोक लगाई गई है। ऐसे में भारी वाहन कोईराजपुर-कोरौत मार्ग से ही एनएच 56 पर जा रहे हैं। करीब एक महीने से भारी वाहनों का आवागमन होने के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। गड्ढे हो जाने के चलते आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे है। इसी से नाराज होकर मंगलवार को कोईराजपुर के ग्राम प्रधान मोदी यादव के साथ ग्रामीणों ने कोईराजपुर में सड़क पर बांस बल्ली लगाकर सड़क जाम कर दिया। कोईराजपुर में वाहनों की लंबी कतार लगने के बाद रिंग रोड चौराहे से वाहनों को जाने की अनुमति दे दी गई। इसके बाद ग्रामीण रिंग रोड पर भी धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बड़ागांव जगदीश कालीरमन, थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा मौके पर पहुंचे। जाम लगा रहे लोगों को काफी देर तक समझाया गया लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। मौके पर पहुंचे प्रोजेक्ट मैनेजर ललित सिंह ने पीएम के कार्यक्रम के बाद सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ।