लिस्ट के अनुसार, अदलहाट थाने की प्रत्येक महीने की कमाई 20 लाख से भी ज्यादा है। लिस्ट में दावा किया गया है कि गोकशी, गांजा बिक्री, डीजल चोरी, गाड़ी कटिंग और ओवरलोडिंग आदि अवैध कार्यों के बदले पुलिस 20 लाख रुपये से ज्यादा वसूलती है। कुछ महीने पहले चंदौली जिले के मुगलसराय थाने के बाद मिर्जापुर के अदलहाट थाने की वसूली लिस्ट ने महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
आईजी ने एएसपी नक्सल को मामले की जांच सौंपी थी। एएसपी नक्सल ने वसूली लिस्ट वायरल करने वाले युवक को बुलाकर पूछताछ की। इसके अलावा वसूली लिस्ट में जिस गांव और स्थान का जिक्र है। उसकी जांच की जा रही है। वसूली लिस्ट के विभिन्न पहलुओं की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
वायरल करने वाले युवक का बाहुबली कनेक्शन
अदलहाट थाने की वसूली लिस्ट वायरल करने वाले युवक का जेल में बंद बाहुबली से कनेक्शन की चर्चा भी जोरों पर है। युवक का बाहुबली और परिवारीजनों के साथ फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस युवक के बाहुबली कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।