मलदहिया में आईपीडीएस की लाइन को सीवर लाइन में डाल दिया गया, मौके पर निरीक्षण करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला।
वाराणसी में आईपीडीएस योजना के दूसरे चरण के तहत 100 करोड़ों रुपये से शहर के प्रमुख स्थानों पर भूमिगत केबल डालने का काम चल रहा है। मलदहिया चौराहे के समीप लापरवाही के चलते कार्यदायी एजेंसी ने सीवर पाइप लाइन में ही तार डाल दिया, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। इसकी जानकारी होने पर जल संस्थान के महाप्रबंधक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता ने इस मामले की जांच कर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। इसी के साथ बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर लिया है।आईपीडीएस के कामों में लापरवाही की दर्जनों शिकायतें डीएम, कमिश्नर से लेकर नगर निगम तक में की गईं। जमीन से एक मीटर गहराई की जगह डेढ़ से ढाई फुट की गहराई में केबल डाले गए हैं।
केबल डालने से पहले न तो न तो ईंटों की नाली बनाई गई और न ही बालू भरा गया। केबल बिछाने के बाद ऊपर से मिट्टी और पत्थर रख दिए गए। जल संस्थान के महाप्रबंधक नीरज गौड़ ने कहा कि मलदहिया के पास आईपीडीएस के तहत भूमिगत तार डालने का काम चल रहा है। कार्यदायी एजेंसियों ने सीवर पाइप लाइन में तार डाल दिया है। भविष्य की सफाई कराई जाएगी तो करंट लगने का खतरा रहेगा।
इसकी शिकायत बिजली विभाग से कर दी गई है। नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम के अधीक्षण अभियंता विजयपाल ने कहा कि मौके का मुआयना किया गया है। तार जमीन के अंदर है, जांच करके पता लगाया जाएगा। यदि कार्यदायी एजेंसी की गलती होगी तो उसे दुरुस्त करा दिया जाएगा। मुख्य अभियंता मनोज अग्रवाल ने कहा कि इस मामले की जांच का निर्देश दे दिया गया।