वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन के दूसरे गेट पर वाहन संचालकों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली के मामले को आरपीएफ के महानिदेशक संजय चंदर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले में जांच का आदेश दिया है। इसकी जांच भी शुरू हो गई है।
बनारस रेलवे स्टेशन दूसरे गेट पर एक तरफ वाहन स्टैंड बनाया गया है। जिसे ठेके पर रेलवे प्रशासन ने दिया है। साथ ही वाहनों के खड़े करने के लिए किराया भी तय किया गया है। लेकिन, वाहन स्टैंड संचालक के कर्मचारी मनमानी करते हुए अवैध वसूली कर रहे हैं। परिसर में आने वाले वाहनों के चालकों से जबरन वाहन स्टैंड के नाम पर रुपये लेते हैं। विरोध करने और नियम का हवाला देने वालों से वे उलझ भी जाते हैं। यह स्थिति तब है जब ठेकेदार के इस मनमानी पर जुर्माना भी लग चुका है।
अमर उजाला ने 17 नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद आरपीएफ के महानिदेशक संजय चंदर ने संज्ञान में लिया है और उन्होंने आईजी आरपीएफ तारिक अहमद से जांच कराकर अवगत कराने को कहा है। आरपीएफ के कमांडेेंट डा. अभिषेक नेेे बनारस रेलवे स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक परमेश्वर कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक परमेश्वर कुमार ने बताया कि वह डीसीआई रंजित कुमार सिंह के साथ मामले की जांच कर रहे हैं। यदि ठेकेदार द्वारा स्टैंड के बाहर वाहनों से वसूली की जा रही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।