फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी पुलिस की सुस्ती से हो रही तफ्तीश में देरी, आंकड़े दे रहे गवाही

Mon, 20 Aug 2018 05:05 PM IST
पुष्पेन्द्र कुमार त्रिपाठी, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी पुलिस पर सुस्ती इस कदर हावी है कि काम ही नहीं हो पा रहा है। थानाध्यक्षों, चौकी प्रभारियों व आरक्षियों के कामकाज और थानों पर दर्ज मुकदमों की विवेचना की मॉनीटरिंग के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) नियुक्त हैं। 
विज्ञापन


मगर, उनकी सुस्ती तफ्तीश के काम में बाधक बन रही है। आंकड़े बताते हैं कि पर्यवेक्षण के लिए जिम्मेदार जिले में तैनात आठ में से छह सीओ के पास 91 मुकदमों की विवेचना लंबित है। इसमें से आधी यानी 46 मुकदमों की विवेचना सीओ कैंट के पास ही लंबित हैं। 

क्षेत्राधिकारियों की इस बेपरवाही का फायदा मातहत भी उठाते हैं और जिले के 25 थानों पर 1759 से ज्यादा मुकदमों की विवेचना लंबित हैं। विवेचनाओं के लंबित रहने के कारण पीड़ित पक्ष का हित और न्याय प्रक्रिया दोनों प्रभावित होती हैं। 
विज्ञापन


एसएसपी आनंद कुलकर्णी का कहना है कि मुकदमों की विवेचना सही तरीके से जल्द निबटाने के लिए क्षेत्राधिकारियों और थानेदारों को ताकीद की जाती रहती है। इस संबंध में लापरवाही बरतने वालों से जवाब तलब कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

केस स्टडी

नहीं सुलझी दोई बाबा की हत्या की गुत्थी
बड़ागांव थाना अंतर्गत रामसिंहपुर गांव में अप्रैल, 2017 में अपनी गुमटी के सामने सोये अरुण सिंह उर्फ दोई बाबा की गला रेत कर हत्या की गई थी। 17 साल की उम्र में घर छोड़ कर जोगी बने दोई बाबा की हत्या की तफ्तीश एक साल चार माह बाद भी नहीं पूरी हो सकी है।

रेलवे के गेटमैन की हत्या का राज बरकरार
चौबेपुर थाना अंतर्गत रजवारी रेलवे गेट पर तैनात गेटमैन राजकुमार रंजन की हत्या बीते जुलाई महीने के दूसरे हफ्ते में की गई थी। पुलिस ने वारदात के पीछे की वजह आशनाई और पुरानी रंजिश बताई लेकिन डेढ़ महीने होने को आया तफ्तीश पूरी नहीं की जा सकी। 

लूटों और चोरियों की तफ्तीश न जाने कब होगी पूरी
बौलिया में दिव्यांग सराफा की दुकान से जेवरात की लूट, डीरेका में आरपीएफ के जवान से तीन लाख 25 हजार रुपये छीना जाना, छावनी क्षेत्र में मनी एक्सचेंज कंपनी के मैनेजर से आठ लाख की लूट, नदेसर में ठेकेदार से आठ लाख की उचक्कागीरी, चोलापुर के आयर में सराफा कारोबारी से तीन लाख से ज्यादा की लूट जैसी वारदातों को इसी साल अंजाम दिया गया। इसी तरह रोहनिया, लंका, भेलूपुर, शिवपुर, चोलापुर और बड़ागांव थाना क्षेत्र में आए दिन चोरी होती रहती है। इन वारदातों की तफ्तीश कब पूरी होगी, इस बारे में पूछे जाने पर हल्का प्रभारी और थानाध्यक्ष जवाब देने से कतराते हैं।

सीओ के पास लंबित विवेचनाएं

सीओ कैंट - 46
सीओ पिंडरा - 17
सीओ भेलूपुर - 12
सीओ बड़ागांव - 7
सीओ सदर - 5
सीओ चेतगंज - 4
विज्ञापन

थानों में लंबित विवेचनाएं

कैंट - 257 
लंका - 217
चौबेपुर - 94
सिगरा - 89
बड़ागांव - 88
शिवपुर - 87
रोहनिया - 87
फूलपुर - 79
भेलूपुर - 71
मिर्जामुराद - 68
सारनाथ - 64
जैतपुरा - 58
रामनगर - 57
चेतगंज - 54
मंडुवाडीह - 54
लोहता - 49
चोलापुर - 44
चौक - 42
कपसेठी - 37
आदमपुर - 35
लक्सा - 34
दशाश्वमेध - 29
जंसा - 25
कोतवाली - 23
महिला थाना - 17
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें