बीएचयू में इसी माह तीन दिनों तक दिवसीय फिल्म, ड्रामा, लघु फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का मेला लगेगा। इसमें बनारस ही नहीं देश-विदेश की चुनिंदा लघु फिल्में, डॉक्यमेंट्री और फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी।
यही नहीं वैश्विक व सामाजिक मुद्दों पर नाट्य प्रस्तुतियों के लिए देश भर से ड्रामा की टीमें भी आ रही हैं। अभिनेता संजय मिश्र और मनोज जोशी जैसी शख्सियत भी इसमें शिरकत कर सकती हैं। ऐसे में कलाप्रेमियों के लिए ये तीन दिन बेहद खास होने वाले हैं।
बीएचयू के डॉ. अंबेडकर चेयर व शिव संभव कला संस्थान की ओर से आगामी 22, 23 और 24 जून को निहाई अंतरराष्ट्रीय थिएटर एंड फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जायेगा। बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार, संबोधि सभागार और मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में तीन दिनों तक ड्रामा, लघु फिल्म व फीचर फिल्म और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएंगी।
इसमें संजय मिश्रा की ‘कड़वी हवा’, ताइवान की ‘डोंट बीट मी, सर’ के अलावा बनारस में तैयार नाटक ‘महामना : द कंसाइंस कीपर’ से फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ होगा। संयोजक सुमित सिंह ने बताया कि ड्रामा के लिए कोलकाता, पटना, मुंबई आदि शहरों से टीमें आ रही हैं।
फिल्म फेस्टिवल में 60 डॉक्यूमेंट्री, लघु फिल्म, फीचर फिल्में प्रदर्शित करने का लक्ष्य रखा गया है। थिएटर पर यहां तीन दिनों तक कार्यशालाएं भी चलेंगी। यह आयोजन बीएचयू के प्रो. मंजीत चतुर्वेदी और प्रो. कमलेश दत्त त्रिपाठी की देखरेख में हो रहा है।