छोटा कटिंग मेमोरियल में पीएम नरेंद्र मोदी महिला एवं बाल कल्याण विभाग के स्टॉल पहुंचे और बच्चों का जवाब सुन रुक गए। पीएम ने स्टॉल पर पहुंचते ही बच्चियों से पूछा कि यहां कब से आई हो? कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज की दो छात्राओं साधना और सोनम ने तपाक से कहा कि हम लोग 12 बजे से आए हैं। इस पर पीएम मुस्कुराए और बच्चियों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।
स्टॉलों का अवलोकन करते समय पीएम का सबसे अच्छा अनुभव बच्चों संग संवाद का रहा। पीएम नंदघर पहुंचे तो नौनिहालों ने कविता से उनका स्वागत किया। बच्चों ने नमस्ते, नमस्ते, नमस्ते हमारे घर जो आए उसे नमस्ते... कविता सुनाई।केतना क आमदनी हो जाले
पीएम स्वनिधि योजना की लाभार्थी व फल विक्रेता प्रमिला से पूछा कि महीना में केतना क आमदनी हो जाले..? प्रमिला ने कहा कि साहेब कमाई बढ़ गईल ह। समय न मिलत ह कि योजना का दूसर किस्त उठा पाईं। इस पर पीएम और मुख्यमंत्री हंसने लगे। पीएम ने पूछा कि 20 हजार रुपया क का होई...? प्रमिला बोली साहेब ठेला के और अच्छा बनवाईब ताकि और ग्राहक आवें।वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की ली जानकारी
पीएम एनटीपीसी के स्टॉल पर गए और रमना में लग रहे वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के बारे में जानकारी ली। परियोजना प्रबंधक बृजेश और आशीष ने बताया कि कचरे से तारकोल बनाएगा। वेस्ट को पूरी तरह रि-साइकिल करेगा। इससे बनने वाले कोयले और अन्य पदार्थों को बेचकर कमाई की जा सकेगी। बिजली कनेक्शन मिलते ही प्लांट शुरू हो जाएगा।