पूरनपट्टी स्थित रेलवे क्रासिंग पर शुक्रवार भोर में ट्रेन से कटकर महिला की मौत हो गई। क्षत विक्षत शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के मुताबिक मंद बुद्धि की महिला घर से तीन दिन से लापता थी।
रमगढ़वा गांव के रहने वाले सोमारू राम की पत्नी सावित्री देवी (45 वर्ष) मंगलवार को घर से गायब हो गईं थीं। परिजनों के मुताबिक मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते कहीं निकल गईं। मामले की सूचना पुलिस को देते हुए खोजबीन की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक रेलवे ट्रैक पर किसी ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। महिला के दो पुत्र विनोद कुमार (18 वर्ष), अशोक कुमार (15 वर्ष) है। थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया।
मोहनसराय चौराहे पर खड़े ट्रक में बृहस्पतिवार की देर रात मालवाहक वाहन भिड़ गया। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। प्याज लदे मालवाहक वाहन के घायल चालक और खलासी को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
मध्यप्रदेश के रीवा मऊगंज थाना अंतर्गत पाडर निवासी मालवाहक चालक शंकर बंसल और खलासी हरिहर साकेत प्याज लदी मालवाहक वाहन लेकर वाराणसी जा रहे थे। मोहनसराय चौराहे पर पहुंचे थे कि रात तकरीबन दो बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों तुरंत मौके पर पहुंचे और पिकअप के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सुरतापुर रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार दोपहर ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी मेें रखवाया। दोपहर 12.30 बजे सारनाथ से कादीपुर की ओर जाते समय कामाख्या एक्सप्रेस की चपेट में युवक का गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पहचान के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।