यूपी के बलिया में मानस मंदिर के प्रबंधक शिव कुमार जायसवाल ने सरकारी सहायता प्राप्त जीएमएएम इंटर कॉलेज में भारत माता की जय और वंदेमातरम बोलने पर पाबंदी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऐसा करने वाले छात्र को प्रताड़ित किया जाता है। मामले में डीआईओएस नरेंद्र देव का कहना है कि इस बारे में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। मामले की जांच कराई जाएगी।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य माजिद नासिर का कहना है कि उनके आरोप निराधार है। साजिश के तहत विद्यालय को बदनाम किया जा रहा है। उधर, विधायक धनंजय कन्नौजिया ने कहा कि मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे। विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
शिव कुमार जायसवाल ने बताया कि भारत माता की जय और वंदेमातरम बोलने पर पाबंदी की जानकारी मिलने उन्होंने समिति के पदाधिकारियों के साथ कॉलेज का दौरा किया।
विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों से पूछताछ के दौरान बनाए गए वीडियो में अर्थशास्त्र के अध्यापक संजय पांडेय कह रहे हैं कि विद्यालय में वंदेमातरम और भारत माता की जय बोलने पर पाबंदी है। जानकारी दी कि एक छात्र ने प्रार्थना के समय भारत माता की जय बोल दिया तो उसे कक्षा में खड़ा करके मुर्गा बनाया गया।