आजमगढ़ निवासी आईएसआई के संदिग्ध आतंकी अबूजैद की गिरफ्तारी होने के बाद से ही गंभीरपुर थाना क्षेत्र के छाऊ गांव सहित आसपास के गांव के गतिविधियों पर जहां खुफिया विभाग नजर रखे हुए हैं। वहीं खाड़ी देश से जल्द आने और जाने वालों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
इन क्षेत्रों में एसटीएफ, एटीएस की टीम के अलावा स्थानीय पुलिस भी सक्रिय है। इसके चलते क्षेत्र के लोग दहशत के साए में जी रहे हैं। आलम यह है कि क्षेत्र के जिस चट्टी-चौराहों पर हमेशा गुलजार रहा करता था। वहां शाम होने के बाद सियापा छा जा रहा।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के छाऊ गांव निवासी अलाउद्दीन एटीएस लखनऊ के बुलाने पर वहां गए थे और अपने पुत्र अबूजैद का सामान लेकर घर चले गए। गुरुवार को अलाउद्दीन के दरवाजे पर लोगों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
यहां पहुंचने वाला हर किसी ने न्याय और कानून पर भरोसा जताया। अलाउद्दीन ने बताया कि अबूजैद की गिरफ्तारी के बाद उसे मुंबई एयरपोर्ट पर लेने गए उसके पांच रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए मुंबई में बुलाया गया था। यह लोग अभी भी सुबह दस बजे पुलिस के ठिकाने पर पहुंच जाते हैं। वहां इनसे पूछताछ होती है फिर शाम को घर लौट आते हैं। यह क्रम लगातार जारी है।