वाराणसी के लंका थाने में तैनात दरोगा ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि गर्भवती हो जाने पर उसे गर्भपात की दवा खिला दी। युवती सोशल मीडिया के जरिये दरोगा के संपर्क में आई थी। अब एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली में शारीरिक शोषण का मामला दर्ज किया गया है।
ये है पूरा मामला
एक मोहल्ले की रहने वाली 28 साल की युवती ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिये उसका संपर्क वाराणसी के लंका थाने में तैनात उप निरीक्षक आशीष कुमार यादव से हुआ था। महिला ने बताया कि आशीष ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। कई बार अलग-अलग होटलों और परिचितों के कमरे में बुलाकर शोषण किया।
छह अक्तूबर को आशीष की सगाई दूसरी युवती से हो गई। इसकी जानकारी पीड़िता को हुई तो उसने आरोपी से बात की। आरोपी उससे मिलने हरदोई आया और एक होटल में दोनों के बीच बातचीत हुई। आरोप है कि होटल में भी उसने शारीरिक शोषण किया। साथ ही गर्भवती हो जाने की आशंका में उसे गर्भपात की दवा खिला दी। वाराणसी बुलाकर मंदिर में शादी की बात कही, लेकिन वहां भी एक लॉज में संबंध बनाए।