फूलपुर के पूर्व सांसद अतीक अहमद को बाबतपुर एयरपोर्ट पर वीआईपी ट्रीटमेंट देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी मुख्यालय ने मामले से संबंधित रिपोर्ट मांगी है। वहीं, सीआईएसएफ के अधिकारी भी जांच कर रहे हैं।
प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से अहमदाबाद ले जाने के दौरान जून मई की सुबह अतीक अहमद को एंबुलेंस से बाबतपुर एयरपोर्ट ले जाया गया था। इस दौरान अतीक समर्थक खासी संख्या में आए थे और उन्हें नियंत्रित करने में सीआईएसएफ को मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके बाद अतीक को एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन के सीआईपी लाउंज में बैठाकर चाय पिलाई गई थी।
इस दौरान अतीक के सफेद रंग के कुर्ते की ऊपर की जेब में दो हजार के नोटों की गड्डी दिखाई दे रही थी। मामले की जांच के संबंध में एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय से पूछा गया तो, उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।
कहां से आए नोट, नहीं हुई जांच :
बाबतपुर एयरपोर्ट पर जिले के एक सीओ और दो थानाध्यक्ष सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में अतीक की जेब में नोट कैसे आए। इसके साथ ही उसे चाय पिलाकर पुलिसकर्मी उससे लगातार गुफ्तगू क्यों करते रहे, इसकी जांच कराने की जरूरत पुलिस अधिकारियों ने नहीं समझी। इसे लेकर पुलिस महकमे में अंदरखाने खासी चर्चाओं के दौर चले।