कोलकाता से जयपुर जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान में गुरुवार की रात कार्गो केबिन से धुआं निकलता देख उसे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। इंडिगो का विमान 84 यात्रियों को लेकर जयपुर जा रहा था। धुआं देख पायलट ने वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और विमान उतारने की अनुमति मांगी।
अनुमति मिलते ही रात 10:20 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। बाद में केबिन खोलकर जांच पड़ताल की गई पर धुआं निकलने का पता नही चल पाया। विमान की विधिवत जांच के बाद विमान ने जयपुर के लिए उड़ान भरा।
प्राप्त जानकारी अनुसार गुरुवार को कोलकाता हवाईअड्डे से 84 यात्रियों को लेकर इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6ई832 रात 9:05 बजे उड़ान भरा। विमान जब वाराणसी हवाई क्षेत्र से गुजर रहा था, उसी समय पायलट को विमान के कार्गो केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं नजर आते ही पायलट ने तत्काल वाराणसी एयरपोर्ट स्थित एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर पूरी घटना बताते हुए उतरने की अनुमति मांगी।
अनुमति मिलते ही विमान को उतारने की प्रक्रिया शुरू हो गई। एयरपोर्ट पर विमान के उतरने से पहले ही एटीसी ने फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस सहित महत्वपूर्ण विभाग को अलर्ट कर दिया था। रात 10:20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान की आपातकालीन लैंडिंग हुई। विमान के एप्रन पर आते ही एयरलाइंस के विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और विमान की विधिवत जांच किया।
इसमें यह स्पष्ट नहीं हो पाया की केबिन में धुआं कहां से निकल रहा था। जांच के बाद यात्रियों को विमान में बैठाया गया। किसी प्रकार की खराबी न मिलने पर सभी यात्रियों को लेकर विमान 11:05 बजे जयपुर के लिए उड़ान भरा।
इंडिगो एयरलाइंस के स्थानीय मैनेजर अभिजीत ने कहा कि 84 यात्रियों को कोलकाता से लेकर जयपुर जा रहे विमान में पायलट को तकनीकी खराबी की जानकारी हुई। विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारा गया। लेकिन जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई।