गर्मी में कुछ इस तरह दिखा वाराणसी रेलवे स्टेशन का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेन के एसी कोच में सफर करने पर भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कोच के एसी आए दिन फेल हो रहे हैं। एसी काम नहीं करने से बेचैनी, घबराहट से यात्री परेशान हैं। वह चेन पुलिंग कर विरोध प्रदर्शन व हंगामा कर रहे हैं। 30 दिनों में 135 शिकायतें सिर्फ एसी संबंधित रहीं। कंट्रोल रूम, रेल मदद, एक्स पर रोजाना शिकायतें आ रही हैं। यात्री हाथ वाला पंखा और अन्य जुगाड़ के सहारे यात्रा करने को मजबूर हैं। यात्रियों का मानना है कि वह किराया तो एसी का दे रहे हैं, लेकिन सफर मानो भट्ठी में बैठकर कर रहे हैं।
रविवार को 20506 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के बी-13 में एसी नहीं चलने से यात्री परेशान रहे। डॉ. संजय अग्रवाल ने एक्स पर शिकायत दर्ज कराई कि दिल्ली से ही एसी काम नहीं कर रहा है। ट्रेन के कैंट स्टेशन पहुंचने पर कर्मियों ने अटेंड किया। 20415 महाकाल एक्सप्रेस के बी-1 कोच में एसी काम नहीं करने से यात्रियों ने नाराजगी जताई।
वाराणसी कैंट से इंदौर की यात्रा करने वाले यात्री मोहित गुप्ता ने एक्स पर शिकायत दर्ज कराई कि ट्रेन स्टेशन से खुली उसके बाद से ही एसी काम नहीं कर रहा था। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। 15159 सारनाथ एक्सप्रेस के बी-8 में सफर करने वाले यात्री साकेत पांडेय ने रेल मदद पर शिकायत की कि एसी तीन घंटे से काम नहीं कर रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी कंट्रोल रूम में फोन पर शिकायत की कि 22540 आनंद विहार-मऊ सुपर फास्ट एक्सप्रेस के ए-2 में एसी बंद है। यात्री मुद्दसिर ने बताया कि कोच अटेंडेंट से चार बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।