वाराणसी शहर के करीब दर्जन भर कपड़ा और किताब के कारोबारियों के यहां मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने सर्वे किया। शाम करीब तीन बजे से लक्सा, सुंदरपुर, महमूरगंज आदि जगहों पर सर्वे की कार्रवाई की गई। देर रात तक आयकर अधिकारी कागजात और कंप्यूटर की जांच करते रहे।
अपर आयकर आयुक्त अभय ठाकुर के अगुवाई में आयकर अधिकारियों की टीम शाम तीन बजे लक्सा, गुरुबाग स्थित कापी-किताब की दुकानों और सुंदरपुर स्थित एक रेडीमेड कपड़े के शोरूम पर पहुंची।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों के गेट बंद कर जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से लंबे समय से कर का भुगतान नहीं करने वाले कारोबारी दहशत में रहे। गुरुबाग स्थित जिस पुस्तक कारोबारी के यहां टीम पहुंची, उस पर एनसीईआरटी की किताब महंगे दाम पर बेचने की शिकायत थी। इसके अलावा स्कूली ड्रेस बेचने वाले शोरूम पर भी कागजातों, कंप्यूटर के हार्ड डिस्क खंगाले गए।