जरूरी सेवाओं के तहत पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से बुधवार को मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन से पार्सल स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ हुआ। रेल मंत्री पीयूष गोयल के निर्देश पर 15 अप्रैल तक रोजाना इस ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इससे लोगों को आवश्यकता के अनुसार कम मात्रा में भी सामान पहुंचाने व मंगाने में सुविधा होगी।
लॉकडाउन के दौरान मंडुवाडीह से काठगोदाम के बीच संचालित पार्सल स्पेशल ट्रेन में एक वीपीयू व एक एसएलआर कोच होगा। निर्धारित समय सुबह छह बजे यह ट्रेन मंडुवाडीह से खुलने के बाद गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, बरेली, रामपुर, रुद्रपुर सिटी से होते हुए लालकुआं और रात 10 बजे काठगोदाम पहुंचेगी।
उधर, काठगोदाम से सुबह छह बजे चलकर रात को 10 बजे मंडुवाडीह स्टेशन पहुंचेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यह सुविधा पूर्वोत्तर रेलवे के सभी प्रमुख शहरों जैसे कि वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ, बरेली, रामपुर इत्यादि में उपलब्ध होगी।