फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports News: परिचालन विभाग के 303 रन के जवाब में 81 पर ढेर हो गई चिकित्सा विभाग की टीम, खेल की खबरें

Wed, 22 Apr 2026 02:23 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से टी-20 क्रिकेट का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ ही प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विज्ञापन
क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलता खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Sports News in Hindi: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से लहरतारा मिनी स्टेडियम में मंगलवार को अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट का दूसरा क्वार्टर फाइनल मंगलवार को परिचालन और चिकित्सा विभाग के बीच खेला गया। इसमें परिचालन विभाग के 303 रन के जवाब में चिकित्सा की टीम 81 रन ही बना सकी। 

विज्ञापन


परिचालन 221 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गया। टीम के ओपनर आशीष सिंह और अनुराग फिलिप्स ने 77 गेंद में 212 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। परिचालन विभाग ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 303 रन बनाए। परिचालन के आशीष सिंह ने 33 गेंद पर छह चौके और 13 छक्के की मदद से 112 और अनुराग फिलिप्स ने 44 गेंद पर 15 चौके और 6 छक्के की मदद से 100 रन बनाए। रामप्रवेश ने 17 गेंद पर 32 रन बनाए। चिकित्सा विभाग के संजय, अमित और रामभुवन ने एक-एक विकेट लिए। 

304 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चिकित्सा विभाग 14.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गया। चिकित्सा विभाग के डॉ. आशीष गुप्ता ने 33 गेंद पर चार चौकों की मदद से 25 रन बनाए। परिचालन के गजानन ने चार ओवर में 18 रन देकर 6 विकेट और रामप्रवेश ने चार ओवर में 18 रन लेकर तीन विकेट लिए। परिचालन के आशीष सिंह को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार मंडल चिकित्साधिकारी डॉ आशीष गुप्ता ने दिया।

विज्ञापन

सेमीफाइनल में पहुंचा यांत्रिक विभाग
पहले क्वार्टर फाइनल में यांत्रिक के ऋषभ ने 20वें ओवर के तीसरी गेंद पर सिंगल लेकर टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। पहले क्वार्टर फाइनल में इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। इंजीनियरिंग की ओर से विजय ने 27 गेंद पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन, सुभाष ने 26 गेंद पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन बनाए। यांत्रिक के विशाल ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट, रोहित ने 22 रन देकर दो विकेट लिए। यांत्रिक के प्रशांत और रोहित ने शानदार बैटिंग कर19.3 ओवर में 8 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित मैन ऑफ द मैच रहे। 

फुटबॉल खिलाड़ियों को क्लब बदलने का मौका
जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अवैतनिक सचिव मोहम्मद शाहिद ने बताया है कि खिलाड़ियों को क्लब बदलने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। खिलाड़ी 29 और 30 अप्रैल को शाम 7 से 9 बजे के बीच क्लब बदलने के लिए आवेदन कर सकते हैं। खिलाड़ी अपने आवेदन निर्धारित दिन शाम सात से नौ बजे के बीच वाराणसी जिला फुटबॉल एसोसिएशन के नदेसर स्थित कार्यालय में जमा करना होगा। खिलाड़ी को यह आवेदन स्वयं जमा कराना होगा। क्लब में वापसी के लिए खिलाड़ी स्वयं दो और तीन मई को शाम सात से नौ बजे तक आवेदन वापस भी ले सकते हैं।

त्रिलोचन घाट पर तैराकी का प्रशिक्षण शुरू
गंगा में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से शुरू हुआ। तैराकी कोच मार्कंडेय यादव ने बताया कि मासिक प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन 23 प्रशिक्षु शामिल हुए। यह शिविर वाराणसी स्विमिंग क्लब दो सत्रों में त्रिलोचन घाट पर संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया की घाट पर तैराकी का प्रशिक्षण शिविर पिछले 17 वर्षों से लगातार दिया जा रहा है। 

यूपी की विजेता टीम को सम्मानित करते अतिथि। - फोटो : संवाद
दो सेट में दिल्ली को हराकर यूपी ने जीती कैरम सीरीज
ग्रेटर नोएडा के जेडी क्लब में पहली अंतर प्रांतीय कैरम टेस्ट सीरीज यूपी टीम ने 2-1 से जीत ली। यूपी ने दिल्ली को 4-1,  4-1 से दो सीटों में हराकर दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया।

उत्तर प्रदेश कैरम एसो. के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने बताया कि सीरीज में चार सिंगल और एक डबल मैच खेले गए। यूपी टीम मई में अगला मैच दिल्ली में खेलेगी। प्रतियोगिता गौतम बुद्ध नगर जिला खेल एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हुई। उद्घाटन और समापन ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट और जेडी क्लब के चेयरमैन डॉ. अशोक सिंह ने किया। संचालन अंतरराष्ट्रीय अंपायर हेमंता ने किया। वीडी नारायण, भारती नारायण, सिराजुद्दीन मौजूद रहे। 

टेबल टेनिस का अभ्यास करते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
शिविर में टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने टॉप स्पिन और स्मैश का किया अभ्यास
जिलास्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में खेलने के लिए खिलाड़ियों ने अभ्यास शुरू कर दिया है। मंगलवार को शुरू हुई तीन दिवसीय शिविर परमानंदपुर के बाबु आरएन सिंह इंडोर हॉल में शुरू हुई। खिलाड़ियों ने टॉप स्पिन और स्मैश मारने का अभ्यास किया। बालिका वर्ग के लिए खिलाड़ियों का विशेष अभ्यास सत्र के पहले दिन कौशल को निखारने के लिए तीन घंटे अभ्यास किया। 

25 से जिलास्तरीय प्रतियोगिता
जिलास्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता सारनाथ स्थित सनबीम स्कूल में खेली जाएगी। वाराणसी डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय प्रतियोगिता 25 और 26 अप्रैल को होगी। उद्घाटन 25 अप्रैल को सुबह नौ बजे सनबीम स्कूल के निदेशक हर्ष मधोक करेंगे। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की सचिव सरिता गोकर्ण ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ी मैच अंपायर सौम्या सिन्हा से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। 

कोच के साथ अमन। - फोटो : संवाद
सेपक टकरा की टीम तेलंगाना रवाना
69वीं माध्यमिक राष्ट्रीय स्कूली सेपक टकरा बालक वर्ग की प्रतियोगिता तेलंगाना में 24 से 28 अप्रैल तक खेली जाएगी। इस के लिए घोषित यूपी टीम में रामनगर प्रभु नारायण सिंह इंटर कॉलेज के कक्षा सातवीं के छात्र अमन सिंह का चयन हुआ है। अयोध्या में प्रशिक्षण के बाद यूपी की अंडर-12 सब जूनियर टीम मंगलवार दोपहर तेलंगाना के लिए रवाना हो गई। टीम मैनेजर वाराणसी के भारत सेवक समाज इंटर कॉलेज हथियर के खेल शिक्षक गोपाल प्रसाद टीम के साथ गए हैं। 

हाॅकी खेलते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
बनारस हॉकी लीग की विजेता टीम को इस बार ट्रॉफी के साथ मिलेगा नकद पुरस्कार
लालपुर स्टेडियम में 29 अप्रैल से शुरू हो रही बनारस हॉकी लीग न सिर्फ खिलाड़ियों के कौशल को मंच देगी बल्कि इसमें विजेता टीम को इस बार आकर्षक ट्रॉफी के अलावा नकद पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। 

हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस बार लीग को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक और खिलाड़ियों के लिए उपयोगी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। लीग की ट्रॉफी को खास तौर पर मुरादाबाद में डिजाइन कराई जा रही है। डॉ. एके सिंह ने बताया कि लीग के लिए टीमें 23 अप्रैल तक पंजीकरण करा सकती हैं। अब तक कुल 17 टीमों ने पंजीकरण करा लिया है। लीग में खेलने के लिए 40 प्लस आयुवर्ग के खिलाड़ी भी लगातार पसीना बहा रहे हैं।    

लीग के लिए अधिकारियों को दी जाएगी किट
लीग के हर मैच के दौरान हाफ टाइम में निशुल्क स्वलपाहार की व्यवस्था की गई है। सफल संचालन के लिए योगेंद्र सिंह को चीफ रेफरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मो. रफीक, जावेद खान, घनश्याम चोटीवाला, एमके कोरिया, सुरेंद्र गौड़, सुधीर सिंह, अंकित गुप्ता और इदरीस अहमद रेफरी के रूप में मैचों का संचालन करेंगे। सभी अधिकारियों के लिए आधिकारिक किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में अभ्यास कर रहे खिलाड़ी इस लीग के लिए बेहद उत्साहित हैं।
विज्ञापन

दो दांत वाले 23 नागंद और 25 जवान पक्खड़ घोड़े दिखाएंगे रफ्तार
विकासखंड की ग्राम पंचायत नारायणपुर में गोवर्धन चौधरी स्मृति घुड़दौड़ प्रतियोगिता 24 अप्रैल को होगी। इसमें दो दांत वाले नागंद घोड़े और जवान पक्खड़ घोड़े दर्शकों को अपनी रफ्तार से आकर्षित करेंगे। संयोजक मुरारी यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में 2 दांत वाले 23 नागंद और 25 जवान पक्खड़ घोड़ों में जीत के लिए जंग होगी। दौड़ दो वर्गों में कराई जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में शक्ति, पवन, चेतक और बुलेट घोड़े भी दौड़ लगाएंगे। 

पूर्व प्रधान रामजी यादव ने बताया कि पूर्वांचल के बलिया, गाजीपुर और फैजाबाद जिलों में इस प्रकार की घुड़दौड़ प्रतियोगिताएं पारंपरिक रूप से  होती रही हैं। प्रतियोगिता कराने के लिए 11 सदस्यीय समिति गठित की गई है। इसमें नक्छेद पहलवान, रामअवतार पाठक, रमेश वकील और राकेश सिंह सहित अन्य को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी। 

11 सदस्यीय समिति कराएगी घुड़दौड़
संयोजक ने बताया कि जवान पक्खड़ वर्ग में प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये नकद, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 3 हजार रुपये दिया जाएगा। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को साइकिल, पंखा और दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया जाएगा। नागंद दो दांत वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5 हजार , द्वितीय 3 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपये दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें