यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्य मंडल के होनहारों ने सफलता का परचम लहराया। शनिवार को परिणाम आते ही जिलों के टॉपर छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने जश्न मनाया। छात्र-छात्राओं ने अपनी कामयाबी का मंत्र भी एक-दूसरे से साझा किया। कहा कि सपनों को पूरा करने की दिशा में अब वे एक कदम आगे बढ़ गए हैं। उधर, आजमगढ़ के ऋषभ सिंह ने 94.50 प्रतिशत अंक के साथ हाईस्कूल में प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया।
वाराणसी में हाईस्कूल की परीक्षा में बलदेव इंटर कॉलेज बड़ागांव के धीरज कुमार ने 92.83 प्रतिशत अंक, इंटर में शिवचरण स्मारक इंटर कालेज मेहदीगंज राजातालाब के अक्षय कुमार ने 87.8 फीसदी अंक के साथ जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। गाजीपुर में हाईस्कूल में बीएसवीपीयूएमवी स्कूल के हिमांशु यादव 92.33 तथा इंटर में पंडित मदन मोहन इंटर कालेज की आकांक्षा यादव 91.40 प्रतिशत अंक के साथ अव्वल रहे।
जौनपुर में हाईस्कूल में मुंगराबादशाहपुर के सेंट जोसेफ स्कूल के हरिओम पटेल ने 93 प्रतिशत और इंटर में मां शारदा बालिका इंटर कॉलेज खानापट्टी सिकरारा की जागृति मौर्य ने 90 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया। चंदौली में हाईस्कूल में बाल विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चतुर्भुजपुर पीडीडीयू के अभय शर्मा ने 91 फीसदी, अशोक इंटर कालेज बबुरी की निकिता यादव ने 88.67 फीसदी अंक हासिल कर टाप किया।
आजमगढ़ के बूढ़नपुर तहसील स्थित रामरूप मेमोरियल इंटर कालेज के हाईस्कूल के छात्र ऋषभ सिंह ने 94.50 प्रतिशत अंक प्राप्त प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है। इंटर में चिल्ड्रेन हॉयर सेकेंडरी स्कूल के आदित्य कुमार यादव 91 फीसदी अंक के साथ पहले स्थान पर रहे।
बलिया में हाईस्कूल में जीएसएचएस स्कूल भीमपुरा की श्वेता ने 91.67 प्रतिशत अंक, इंटर में जगदीश गर्ल्स हाई स्कूल बभनौली के छात्र गौरव तिवारी ने 87.60 प्रतिशत अंक पाकर टॉप किया। मऊ में हाईस्कूल में एसकेआईसी इंटर कालेज चचाईपार मखमेलपुर की छात्रा नंदिनी यादव ने 93.17 फीसदी अंक, इंटर में दीपदेव इंटर कालेज की नेहा यादव ने 91.02 अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया।
मिर्जापुर में हाईस्कूल में गुरुनानक इंटर कालेज रतनगंज के अविचल विस्वारी 92.6 प्रतिशत, इंटर में हांसीपुर की आंचल सिंह ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। भदोही में हाईस्कूल में इंटर कॉलेज दवनपुर की सपना पांडेय एवं परगासपुर राजकीय हाईस्कूल की छात्रा चांदनी विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों को 90.5 फीसदी अंक मिले। सर्वोदय इंटर कॉलेज सेमराध के आकाश मौर्या ने 88.5 प्रतिशत अंक के साथ इंटर में जिले में टॉप किया। सोनभद्र में हाईस्कूल में मानसी पटेल ने 90.67 फीसदी अंक, इंटर में करन कुमार 87.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉपर बने।