आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी सुविधा के प्रस्तावों पर अमल शुरू हो गया है। इसके तहत विभागों में चल रहे कामकाज के साथ ही अब शहंशाहपुर सब्जी अनुसंधान केंद्र में आईएमएस बीएचयू को विस्तार देने की तैयारी चल रही है।
आईएमएस निदेशक ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसके लिए 100 एकड़ जमीन की मांग की है। यहां जांच केंद्र, शिक्षकों, वैज्ञानिकों के लिए आवास बनाए जाएंगे। दिल्ली में नीति आयोग के साथ हुई बैठक में भी इसकी जानकारी दी गई।
आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा दिए जाने पर अगस्त के पहले सप्ताह में ही स्वास्थ्य मंत्रालय और मानव संसाधन विकास मंत्रालय के बीच प्रस्तावों पर मुहर लगने के बाद रोड मैप बनाया जा रहा है। इसमें नए विभाग खोले जाने, जांच के लिए नई मशीनें, डॉक्टरों-कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने आदि की योजना है।
चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजय नाथ मिश्र ने बताया कि नीति आयोग में हुई बैठक में आईएमएस निदेशक प्रो. वीके शुक्ल ने प्रदेश सरकार को सब्जी अनुसंधान केंद्र में खाली पड़ी 100 एकड़ जमीन की मांग के लिए लिखे गए पत्र के बारे में बताया।