वाराणसी में अवैध तरीके से शराब बनाने और बेचने का खुलासा अमर उजाला ने रविवार को किया तो पुलिस और आबकारी विभाग सक्रिय हुए। चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर के बाद सोमवार को पुलिस ने अर्जुनपुर में शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने मौके से दो कार, 50 पेटी कच्ची शराब, 2337 खाली शीशी, 150 लीटर स्प्रिट, 4000 ढक्कन, बारकोड, स्टीकर, हाइड्रोमीटर, सीसी सील करने की मशीन, शराब बनाने के अन्य उपकरण और तीन मोबाइल बरामद किया। प्रकरण में पुलिस ने जंसा थाने के टॉप-10 बदमाश बड़ौरा के अजय कुमार जायसवाल व महेंद्र कुमार जायसवाल और मिर्जामुराद थाना के करधना निवासी भगवान दास गिरफ्तार किया।
सोमवार को कपसेठी थाना प्रभारी राजू दिवाकर और आबकारी निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह ने ढेकहा तिराहे पर चेकिंग के दौरान अजय की अल्टो कार से 10 पेटी कच्ची शराब बरामद किया। अजय से पूछताछ की गई तो पता चला कि अर्जुनपुर में एक मकान में शराब बनाई जा रही है।
पुलिस ने छापा मारा तो वहां से भी एक कार, शराब, स्प्रिट व अन्य सामान और दो आरोपी गिरफ्त में आए। तीनों ने बताया कि वह लोग लंबे अरसे से शराब बनाकर जिले के ग्रामीण इलाकों के साथ ही बिहार तक सप्लाई करते हैं।