आईआईटी बीएचयू में मंगलवार को 56 कंपनियों ने 227 छात्राें को ऑफर दिया। इस दौरान औसत पैकेज 32.89 लाख रुपये रहा। हालांकि तकनीकी खराबी से कई इंटरव्यू समय से नहीं हो सके। वहीं प्लेसमेंट डेटा कलेक्शन में भी दिक्कत आई।
आईआईटी बीएचयू के कैंपस प्लेसमेंट में 2024 के मुकाबले पिछले दो दिनों में ही टेक्नोसेवियों को 30 फीसदी नौकरियों के ऑफर्स मिल चुके हैं। दूसरे दिन मंगलवार को 56 कंपनियों ने 227 छात्र और छात्राओं को ऑफर दिए और प्लेसमेंट का औसत पैकेज 32.89 लाख रुपये तक रहा।
विज्ञापन
संस्थान के प्री प्लेसमेंट और इंटर्नशिप ऑफर्स में भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ोतरी हुई है। इस साल 72 इंटर्नशिप और 17 पीपीओ ऑफर ज्यादा आए हैं। पिछले साल 430 इंटर्नशिप और 280 छात्र-छात्राओं को पीपीओ ऑफर मिले थे और इस बार 502 इंटर्नशिप और 297 पीपीओ ऑफर मिल चुके हैं।
इस बार कैंपस प्लेसमेंट के पहले दिन में अधिकतम पैकेज 1.67 करोड़ रुपये ही रह गया। जबकि दो दिनों को मिलाकर 111 कंपनियों ने 436 छात्र-छात्राओं को ऑफर मिले। वहीं, इस इंटर्नशिप और पीपीओ को मिलाकर 181 कंपनियों ने 716 टेक्नोसेवियों को ऑफर्स दे दिया है।
विज्ञापन
आईआईटी बीएचयू में पिछले सत्र के मुकाबले इस बार दो दिनों में 30 फीसदी चयन हो गए हैं। 2024-25 में दिसंबर से अप्रैल तक पांच महीने तक चले प्लेसमेंट में 1416 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ था। जबकि इस बार दो दिन में 436 ऑफर्स मिल चुके हैं। पिछले सत्र का अधिकतम पैकेज 2.20 करोड़ रुपये तक गया था। इस बार दो दिन के प्लेसमेंट में अधिकतम ऑफर 1.67 करोड़ रुपये रहा।
मंगलवार को संस्थान ने न तो न्यूनतम पैकेज का आंकड़ा जारी किया और न ही अधिकतम पैकेज का। बताया जा रहा है कि सतीश धवन छात्रावास में पूरा प्लेसमेंट सेल और 75 छात्रों की टीम तैनात है, लेकिन कुछ तकनीकी खराबी के चलते इंटरव्यू समय से नहीं हो सके। इसके चलते प्लेसमेंट का डेटा जारी नहीं हो सका। उस स्लॉट के लिए रजिस्टर्ड सभी छात्रों के इंटरव्यू देर रात तक चलते रहे। इसलिए डेटा कलेक्शन में काफी दिक्कतें आईं।
दूसरे दिन इन प्रमुख कंपनियों ने दी नौकरियां
हिलाब्स, एनवीडिया, थॉटस्पॉट, स्प्रिंकलर, सैप लैब्स, जोमैटो, ईएक्सएल, ब्लैक रॉक, क्वालकॉम, अपस्केल एआई (सॉफ्टवेयर), मनी व्यू, सीबीए, टेक्सास (एनालॉग), टेक्सास (डिजिटल), रेजरपे, वीजा, ड्यूश बैंक, मैकिन्से, इन्फोएज, टेराडाटा, वीवीएफ, कोटक, क्विक सेल, बीएनवाई आदि कंपनियों की ओर से इंटरव्यू लेकर छात्रों को ऑफर दिया गया।