इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 35वां दीक्षांत समारोह 26 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में मनाया जाएगा। सुबह 11 बजे से समारोह में देशभर से बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और उपाधियां दी जाएंगी। इस बार क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के बैचलर ऑफ सोशल वर्क (बीएसडब्ल्यू) के छात्र नरेश कुमार को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। इसके अलावा 3136 छात्रों को उपाधि दी जाएगी।
देशभर में मुख्य समारोह का प्रसारण ज्ञान दर्शन के माध्यम से किया जाएगा। बीएचयू परिसर स्थित क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डॉ. उपेंद्र नभ त्रिपाठी ने बताया कि समारोह में कुल 2,91,570 छात्रों को शिक्षामंत्री डॉ. धर्मेंद्र प्रधान उपाधियां देंगे। इस बार कुछ चुने हुए क्षेत्रीय केंद्रों पर दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। बताया कि दिसंबर 2020 और जून 2021 में परीक्षा पास करने वाले छात्रों को अपनी उपाधि (डिग्री) के लिए इग्नू की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। समारोह के बाद क्षेत्रीय केंद्र द्वारा डाक के माध्यम से उपाधि उनके पते पर भेजी जाएगी। जो छात्र क्षेत्रीय केंद्र से सीधे डिग्री प्राप्त करना चाहते हैं वे दीक्षांत समारोह के बाद उसे ले सकते हैं।