आईजी रेंज दीपक रतन ने गुरुवार को अपने कार्यालय में रेंज के चार जिलों के पुलिस अधीक्षकों को कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि रात्रिकालीन गश्त पर पुलिस गंभीरता से ध्यान दे। शाम के समय प्रमुख बाजारों में पुलिस अधिकारी भी पैदल गश्त करें और आमजन से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनें।कहा कि गणतंत्र दिवस पर सतर्कता बरतें और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ पुलिस अभियान चलाकर कार्रवाई करे।
आईजी रेंज ने कहा कि यूपी 100 की पीआरवी का रिस्पांस टाइम सुधारें। शिकायतकर्ता के पास पीआरवी अधिकतम 15 से 20 मिनट में जरूर पहुंच जाए। गर्ल्स इंटर और डिग्री कॉलेज के साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों में एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय नजर आए।
इनामी अपराधियों की धरपकड़ में लापरवाही न बरती जाए। महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर पुलिस संवेदनशीलता का परिचय दे। गंभीर आपराधिक वारदातों की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचें और हर हाल में जल्द खुलासा हो।
इसके साथ ही आईजी रेंज ने गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, पर्यटन स्थलों सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर अभियान चलाकर तलाशी और संदिग्धों की धरपकड़ का निर्देश दिया। इस दौरान एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज, एसपी चंदौली संतोष कुमार सिंह, एसपी जौनपुर केके चौधरी और एसपी गाजीपुर सोमेन वर्मा मौजूद रहे।