वाराणसी में अगर आप इस होली पर घर खरीदने की तैयारी में हैं तो विकास प्राधिकरण आपको बेहतर विकल्प देगा। मंगलवार से एक सप्ताह तक वीडीए की वेबसाइट के जरिए विकास प्राधिकरण की संपत्तियों को ई नीलामी के जरिए खरीद की जा सकती है।
इसमें आवेदक को वीडीए की वेबसाइट पर अपनी जानकारी अपडेट करनी होगी। इसके साथ ही जिस संपत्ति के लिए ई नीलामी में शामिल होना है, उसकी कीमत का 10 फीसदी शुल्क ऑनलाइन ही जमा करना होगा।
वाराणसी विकास प्राधिकरण यानी वीडीए की ओर से 15 से 22 मार्च तक संपत्ति मेगा ई- नीलामी कार्यक्रम आयोजित की जा रही है। इस दौरान प्राधिकरण की समस्त विक्रित संपत्तियों जैसे आवासीय भूखंड, आवास एवं व्यावसायिक को इस विशेष ई नीलामी के माध्यम से खरीदने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
संपत्ति खरीदने के लिए इच्छुक आवेदक लाइव नीलामी में कभी भी ईएमडी धनराशि का भुगतान कर तत्काल बिडिंग प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं। विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ईशा दुहन ने बताया कि ई नीलामी की संपत्तियों का विवरण वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। इसमें फ्लैट, भूखंड और व्यवसायिक प्लाट उपलब्ध है। ई नीलामी में सबसे ज्यादा बोली दाता को ही संपत्ति पर अधिकार होता है।