अगर आप अक्सर बिजली से जुड़ी समस्याओं से दो चार हो रहे हैं तो परेशान न हों। बस एक नंबर डायल करिये आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा। जी हां बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 जारी किया है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अतुल निगम ने शुक्रवार को भिखारीपुर टोल फ्री नंबर 1912 के काल सेंटर का निरीक्षण किया। उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली से जुड़ी शिकायतों के लिए 1912 पर फोन करें। इस दौरान यदि व्यस्त की ध्वनि सुनाई दे तो काल सेंटर के मोबाइल नंबर 9450960000 पर शिकायत दर्ज कराएं।
निरीक्षण के दौरान एमडी ने पूछा कितनी शिकायतें प्रतिदिन आती हैं। पता चला 1500 शिकायतें रोज आती हैं। इन शिकायतों को संबंधित उपकेंद्र, उपखंड अधिकारियों को भेजा जाता है। 24 घंटे चलने वाले सेंटर में 60 लाइन है।
इस पर 60 कर्मचारियों को लगाने का निर्देश नोडल अधिकारी को दिया। एमडी को जानकारी मिली कि कई उपभोक्ता बिजली आपूर्ति की शिकायत अवर अभियंता व अन्य से करते हैं। टोल फ्री नंबर पर नहीं करते हैं। इस टोल फ्री नंबर पर शिकायत की जाए तो इसकी मानीटरिंग ऑनलाइन की जाती है।
शिकायत पंजीकृत होने के बाद विभाग की जिम्मेदारी है कि एक समय सीमा में इसका निस्तारण किया जाए। हाईडिल कालोनी भिखारीपुर, पीडीआर माल गोदौलिया, आईपी माल सिगरा, खंड षष्ठम पहड़िया में स्थापित कियास्क मशीन के लिए नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि उपभोक्ता मशीन पर स्वयं बिल धनराशि जमा करें। निरीक्षण के दौरान एससी भारती, एसपी त्रिपाठी, केएल श्रीवास्तव, एआर वर्मा, जीडी सिंह, राकेश सिन्हा, मौजूद रहे।