नगर में अब भी जगह-जगह दिखाई दे रहे गंदगी के ढेर
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
डीएम विजय किरन आनंद कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने रविवार की सुबह सात बजे ही नगर निगम पहुंच गए। यहां तहसीलदार एवं प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने उन्हें बताया कि रविवार को शहर से 157 गाड़ी कूड़े का उठान हुआ। सोमवार सुबह तक यह शत प्रतिशत होगा। डीएम ने कहा कि वह स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे, दावा गलत साबित हुआ तो कार्रवाई तय है। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और एनएचएआई की सड़कों को 15 दिन में बनवाने का निर्देश दिया।
अमर उजाला ने 28 अप्रैल के अंक में शहर में कूड़ा उठान न होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासनिक अमला चेता। सफाई का हाल जानने के बाद डीएम ने बाढ़ को लेकर समीक्षा बैठक की। सड़कों की मरम्मत की कार्ययोजना दो दिन में मांगा। कहा कि निरीक्षण के दौरान रात में काम होता नहीं मिला तो ठेकेदार सहित विभागीय अभियंता पर कार्रवाई होगी। मकबूल आलम रोड की मरम्मत के बाबत इस्टीमेट के अनुसार धनराशि न मिलने पर शासन को पत्र लिखा।
डीएम ने बताया कि बाढ़ का पानी गंदगी तथा मलबा छोड़ते हुए घट रहा है। संक्रामक रोग की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों की 24 टीम को 24 वार्डों में लगाया गया है। सीएमओ को सोमवार से एक सप्ताह के अंदर इन वार्डों में विशेष शिविर लगाते हुए सभी की जांच तथा चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया। शिविर में चिकनगुनिया, डेंगू, डायरिया, मलेरिया आदि रोगों की दवाएं जरूर उपलब्ध हों। 90 वार्डों के सभी मुहल्लों में फागिंग, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को एक सप्ताह में पशुओं का वैक्सीनेशन तथा टीकाकरण कराने को कहा। गंगा किनारे की वार्डों से सिल्ट सफाई की कार्ययोजना बनाने को को कहा। बैठक में नगर आयुक्त डा. हरिप्रताप शाही समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।