कोरोना महामारी से बचाव के लिए लागू लॉक डाउन के नियमों का पालन काफी संख्या में लोग कर रहे हैं, पर कुछ ऐसे भी है जो अपनी मनमानी से अपनी और दूसरों की जान खतरे में डालने में लगे हैं। ऐसी ही घटना वाराणसी के बड़ौरा बाजार में हुई, जहां शब-ए-बारात पर कब्रिस्तान में फातिहा पढ़ने से इनकार करने पर चार मनबढ़ युवकों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। प्रकरण को लेकर जंसा थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
जंसा थाना अंतर्गत बड़ौरा बाजार निवासी अशरफ के अनुसार शनिवार की शाम गांव के चार युवकों ने उसे कब्रिस्तान में फातिहा पढ़ने के लिए चलने को कहा। अशरफ ने लॉकडाउन का हवाला देकर कब्रिस्तान जाने से मना किया और कहा कि वह घर पर ही फातिहा पढ़ेगा। इस पर चारों नाराज हो गए और उसकी जमकर पिटाई की। अशरफ की सूचना पर पुलिस आई तो मनबढ़ युवक मौके से भाग निकले।
अशरफ ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार की शाम भी चारों मनबढ़ युवक उसके घर आए थे और कब्रिस्तान चलने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर चारों उससे कहासुनी के साथ ही हाथापाई करने लगे तो आसपास मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया था। चारों युवक शनिवार को फिर आए और कब्रिस्तान जाने से इनकार करने पर उसकी जमकर पिटाई किए। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों की तलाश की जा रही है।